Bihar Crime: बिहार में बेखौफ अपराधियों का तांडव जारी है। ताजा मामला लखीसराय जिले से सामने आई है, जहां रेलवे ग्रुप डी विभाग में कार्यरत एक युवक की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय संतोष कुमार के रूप में हुई है, जो पश्चिम बंगाल के अंडाल में तैनात थे। इन दिनों वह छुट्टी पर अपने गांव आए हुए थे। पूरा मामला पीरी बाजार के थाना अंतर्गत घोंघी गांव का है।

घटना कल बुधवार शाम की है। वारदात के समय संतोष कुमार अपने खेत में सरसों फसल की कटाई का काम देख रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने उनपर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दी। कई गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन और आसपास के लोग उन्हें घायल हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल के लिए रवाना हुए। इस दौरान बीच रास्ते में ही उन्होंने अपना दम तोड़ दिया।

घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अस्पताल में 4 घंटे बाद भी जब शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका तो नाराज परिजन और स्थानीय लोग परिसर में हंगामा करने लगे और शव को लेकर सड़क पर उतर गए, जिससे पूरा सड़क जाम हो गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर डीएसपी शिवम कुमार पहुंचे और इस बात का आश्वासन दिया की 24 घंटे के अंदर हत्यारों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा, जिसके बाद परिजनों ने 2 घंटे बाद जाम को हटाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पुरानी रंजिश और जमीन विवाद समेत अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, गांव में भी मातम और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।

ये भी पढ़ें- पटना: पूर्व IAS के घर में फंदे से लटका मिला केयरटेकर का शव, परिजनों ने जताई इस बात की आशंका