सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। रायपुर में आज रामनवमी का पर्व पूरे श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है. शहर के मठ और राम मंदिर आकर्षक रोशनी और सजावट से जगमगा उठे हैं. भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर सुबह से ही भक्ति का माहौल है, वहीं शाम को शोभायात्रा निकाली जाएगी.

यह भी पढ़ें : CG Morning News : सीएम साय जशपुर से पहुंचेंगे रायपुर, रामनवमी पर आज निकलेंगी भव्य झांकियां, पं. विजय शंकर मेहता देंगे व्याख्यान, कोरबा में ‘हनुमंत कथा’ सुनाएंगे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री, कांग्रेस पहली बार पंचायत स्तर पर बनाएगी समिति…समेत पढ़ें अन्य खबरें

करीब 500 साल पुराने प्राचीन दूधाधारी मठ और जैतूसाव मठ में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान राम, माता जानकी और लक्ष्मण का विशेष अभिषेक किया जाएगा. महंत राम सुंदर दास द्वारा सोने के मुकुट से भगवान का श्रृंगार किया जाएगा. वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर को विशेष रूप से आकर्षक सजावट से सजाया गया है, जहां शाम को आतिशबाजी भी देखने को मिलेगी.

वहीं ब्राह्मणपारा स्थित सोहागा मंदिर में आज सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा. शाम 5:30 बजे से भक्त मंडलियां भक्ति प्रस्तुति देंगी. कार्यक्रम के बाद मंगल आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे.

शांतिनगर श्रीराम मंदिर में आज विशेष पूजन और संकीर्तन का आयोजन किया गया है. सुबह 10:30 से 11:30 बजे तक सुंदरकांड पाठ, इसके बाद भजन-कीर्तन और आरती होगी. दोपहर 2 बजे तक महाप्रसाद भंडारे का आयोजन रहेगा, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे.

समता कॉलोनी स्थित गायत्री शक्तिपीठ में रामनवमी के अवसर पर महापूर्णाहुति का आयोजन किया जा रहा है. यहां पंचकुंडीय गायत्री महायज्ञ चल रहा है, जिसमें श्रद्धालु यज्ञ में आहुति देकर जनकल्याण, समाज कल्याण और राष्ट्र कल्याण की कामना कर रहे हैं.

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m