शिवम मिश्रा, रायपुर। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत कार्रवाई करते हुए रेंज सायबर सेल पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को हरियाणा से गिरफ्तार किया है। मामले में अब तक 58 लाख रुपये पीड़ित को वापस दिलाए जा चुके हैं, जबकि शेष राशि आरोपियों के विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कर दी गई है।

रायपुर में रहने वाले सपन कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात मोबाइल नंबरों से कॉल कर कुछ लोगों ने स्वयं को मुंबई क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताया। उन्होंने प्रार्थी के क्रेडिट कार्ड के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग का झूठा मामला दर्ज होने की बात कहकर उसे डराया-धमकाया। इसके बाद ठगों ने प्रार्थी को करीब 24 घंटे तक व्हाट्सएप वीडियो कॉल पर जुड़े रहने के लिए मजबूर किया और उसे डिजिटल अरेस्ट में रखकर लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये की ठगी कर ली। मामले में विधानसभा थाना में धोखाधड़ी और आईटी एक्ट की धारा के तहत अपराध दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पता चला कि ठगी की राशि को कई लेयर के बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया था। पुलिस ने तत्काल इन खातों की पहचान कर राशि को होल्ड करा दिया। इसके बाद न्यायालय के माध्यम से 58 लाख रुपये पीड़ित को वापस कराए गए। शेष राशि भी आरोपियों से जुड़े विभिन्न बैंक खातों में होल्ड कर दी गई है, जिस पर आगे कानूनी कार्रवाई जारी है।

जांच में यह भी सामने आया कि इस पूरे मामले का मुख्य आरोपी सोमनाथ महतो है। घटना के बाद वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को दिल्ली और हरियाणा भेजा गया। लगातार प्रयास के बाद पुलिस ने उसे गुड़गांव, हरियाणा से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सोमनाथ महतो (27 वर्ष), आर मंगलम यूनिवर्सिटी, सोहना, गुड़गांव का रहने वाला है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भी तलाश कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H