रायपुर। रेलवे स्टेशन के री-डेवलपमेंट और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए स्टेशन रोड की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया जा रहा है। रेलवे और जिला प्रशासन की संयुक्त योजना के तहत स्टेशन परिसर और आसपास के मार्गों पर नई व्यवस्था लागू करने की तैयारी लगभग पूरी हो चुकी है। स्टेशन के पास वर्षों से बने ट्रैफिक बूथ को मंगलवार को हटा दिया गया, वहीं मंदिर के पीछे स्थित सुलभ शौचालय को भी हटाने की तैयारी है। अधिकारियों के अनुसार यहां डिवाइडर बनाया जाएगा, जिससे एक्सप्रेस-वे से आने वाले वाहन सीधे स्टेशन तक तो पहुंच सकेंगे, लेकिन गुरुद्वारा होते हुए तेलघानी नाका की ओर अब सीधे नहीं जा पाएंगे।

बता दें कि अब नई व्यवस्था के तहत एक्सप्रेस-वे से तेलघानी नाका, गुरुद्वारा और समता कॉलोनी की ओर जाने वाले वाहनों को अब फाफाडीह चौक से होकर डायवर्ट किया जाएगा। यानी वाहन चालकों को पहले ही एक्सप्रेस-वे से उतरकर वैकल्पिक मार्ग अपनाना होगा या स्टेशन पहुंचने के बाद वापस फाफाडीह चौक की ओर घूमना पड़ेगा।

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा व्यवस्था में बड़ी संख्या में वाहन स्टेशन परिसर से होकर गुजरते थे, जिससे न केवल जाम की समस्या बढ़ रही थी बल्कि सुरक्षा पर भी असर पड़ रहा था। इसी को ध्यान में रखते हुए यह बदलाव किया जा रहा है।

स्टेशन परिसर में एंट्री होगी सीमित

स्टेशन परिसर में एंट्री को भी सीमित कर दिया गया है। अब केवल वही वाहन अंदर प्रवेश कर सकेंगे जो यात्रियों को छोड़ने या लेने आएंगे। बिना यात्रा के उद्देश्य से आने वाले लोगों की स्टेशन के सामने एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। यात्रियों को अपनी गाड़ियां निर्धारित पार्किंग में ही खड़ी करनी होंगी, वहीं स्टेशन के पास रुकने या इंतजार करने की अनुमति नहीं होगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि ट्रेन लेट होने की स्थिति में भी वाहन बाहर खड़े नहीं किए जा सकेंगे।

ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए झंडा मंदिर के सामने अस्थायी नियंत्रण व्यवस्था बनाई जा रही है, जहां से यातायात को संचालित किया जाएगा। साथ ही गुरुद्वारे के पास खुले डिवाइडर को बंद करने का भी निर्णय लिया गया है, जिससे अनियंत्रित कट और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगेगी। ट्रैफिक बूथ हटने के बाद ऑटो स्टैंड में भी अव्यवस्था पर लगाम लगेगी और तय सीमा से अधिक ऑटो खड़े करना संभव नहीं होगा।

आरपीएफ रायपुर के अधिकारियों के अनुसार, नई ट्रैफिक व्यवस्था को पूरी तरह लागू करने में करीब दो सप्ताह का समय लगेगा। फिलहाल वाहनों को डायवर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन का दावा है कि इन बदलावों के लागू होने के बाद स्टेशन रोड पर लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी और यातायात अधिक सुरक्षित व व्यवस्थित हो सकेगा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H