रायपुर। राजधानी रायपुर के ग्राम सेमरिया स्थित संतोष अग्रवाल ग्रोथ अकैडमी, कोपलवाणी मुखबधिर दिव्यांग संस्थान में शनिवार को सक्षम महिला आयाम छत्तीसगढ़ प्रांत का वार्षिक कार्यक्रम “महिला सम्मान समारोह” बड़े ही गरिमामय और भव्य तरीके से संपन्न हुआ। इस दौरान समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 101 महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम में प्रदेश के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं।

101 महिलाओं का हुआ सम्मान
इस विशेष कार्यक्रम में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रही 101 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान स्वरूप कोपलवाणी संस्थान के दिव्यांग छात्रों द्वारा बनाई गई बस्तर की पारंपरिक चित्रकला भेंट की गई, जिसने समारोह को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना दिया। दिव्यांग बच्चों की इस अनूठी प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया और कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ाया।

“पंच परिवर्तन” और सामाजिक जागरूकता पर जोर
कार्यक्रम के दौरान सक्षम प्रांत संगठन मंत्री रामजी राजवाड़े ने “पंच परिवर्तन” विषय पर अपना विशेष उद्बोधन दिया। उन्होंने समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया और संगठन की भूमिका को विस्तार से समझाया।
वहीं, डॉ. नम्रता सिरमौर ने सक्षम महिला आयाम के प्रमुख विषय “जागरूक परिवार, स्वस्थ शिशु” पर गहन व्याख्यान दिया। उन्होंने परिवार की भूमिका, महिलाओं की जागरूकता और बच्चों के समग्र विकास पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कौशल्या साय ने की संस्था के कार्यों की सराहना

मुख्य अतिथि कौशल्या साय ने अपने संबोधन में सक्षम संस्था द्वारा समाज में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के प्रति समाज की जिम्मेदारी को समझना बेहद जरूरी है और हमें उनके समावेशी विकास के लिए मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को समाज के विकास का आधार बताते हुए कहा कि महिलाओं की भागीदारी और सशक्तिकरण से ही दिव्यांगजनों का सर्वांगीण विकास संभव है।

आभार प्रदर्शन के साथ कार्यक्रम संपन्न
कार्यक्रम के अंत में सक्षम परिवार की ओर से मुख्य अतिथि कौशल्या साय सहित सभी अतिथियों और सहभागियों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन न केवल महिलाओं के सम्मान का प्रतीक बना, बल्कि समाज में सेवा, संवेदनशीलता और जागरूकता का सशक्त संदेश भी दे गया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शताब्दी पांडेय, सक्षम के संगठन मंत्री श्रीराम राजवाड़े, प्रांताध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र शुक्ला, आनंद सिंघानिया, कोषाध्यक्ष जैनेन्द्र जैन, सचिव अनूप पांडे, सहसचिव अंजली चावड़ा, प्रचार-प्रसार प्रमुख इंदिरा जैन, महिला आयाम प्रमुख पदमा शर्मा, युवा आयाम प्रमुख शरद चंद्रा और रायपुर से जिलाध्यक्ष डॉ. नम्रता सिरमौर सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इसके अलावा प्रदेश के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सामाजिक कार्यकर्ता कार्यक्रम में शामिल हुए। इनमें सतीश राजवाड़े, डॉ. विनय टंडन, संगीता कश्यप, सुभाष जंघेल, बोधिसत्व धुरंधर, विवेक साहू, डॉ. नूतन साहू, महासमुंद से राजेश नायक, उर्वशी साहू, सारंगढ़ से सरिता सिदार, रायगढ़ से ललिता पटेल, चांपा से ज्योति सराफ, कोरबा से निर्मला शर्मा, अंबिकापुर से मोहनी पटनायक, बलौदाबाजार-भाटापारा से अर्चना बघेल, डॉ. वर्षा मिश्रा, सती वर्मा, बिलासपुर से विद्या साहू और शेफाली घोष सहित कई अन्य लोग प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

