UPSC Result 2025 : सत्या राजपूत, रायपुर। UPSC 2025 परीक्षा का परिणाम आज घोषित हुआ, जिसमें रायपुर की बेटी वैभवी अग्रवाल ने छत्तीसगढ़ का नाम राेशन किया है। उन्होंने सिविल सर्विस परीक्षा (UPSC) में ऑल इंडिया स्तर पर 35वां रैंक हासिल किया है। वैभवी ने लल्लूराम डॉट कॉम से बातचीत करते हुए कहा, मेरी सफलता का एक ही मूलमंत्र है मेहनत। मुझे मेरे परिवार का सहयोग, समर्पण भी मिला। फल की इच्छा किए बगैर लगातार तीन साल मेहनत की, जिसका नतीजा आज सबके सामने है।
रोज पांच से दस घंटे करती थी पढ़ाई, यू-ट्यूब का भी लिया सहारा
वैभवी ने बताया कि, इसके पहले वह दो बार और परीक्षा दे चुकी है। इंटरव्यू में दो नंबर से पीछे रह गई थी। उन्होंने कहा कि, सोशल मीडिया जैसे यू-ट्यूब समझने के लिए बहुत अच्छा प्लेटफॉर्म है। बाजार में बहुत सारे पुस्तकों का भंडार है तो समस्या ये है कि पढ़ें क्या छोड़े क्या? पढ़ने के लिए सही चयन करना बहुत आवश्यक है। सफलता मेहनत मांगती है और मैं हर रोज कभी पांच तो कभी दस घंटे पढ़ती थी। पढ़ाई में ब्रेक तभी हुआ है जब तबियत खराब हो या एकदम कुछ अर्जेंट काम आ गया हो।

समय मांगती है सफलता
उन्होंने आगे बताया कि बचपन से मां नहीं है। इस सफलता को हासिल करना आसान नहीं था। जब आप ठान लो, लक्ष्य क्लियर है तो सफलता हासिल करने में कोई कठिनाई नहीं आएगी। ये सच है कि सफलता समय मांगती है। अपने जीवन में कई साल को झोकना पड़ता है।

