नागौर। राजस्थान के नागौर जिले में शादी समारोह के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बडू के पास गौशाला के निकट एक लोडिंग गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे गाड़ी में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार लाड़ोली गांव निवासी सुखराम बावरी के घर बेटी की शादी थी। मंगलवार सुबह बारात आने वाली थी, लेकिन बारात के देर से पहुंचने के कारण कुछ लोग काम से बडू चले गए थे। इसी दौरान लोग एक लोडिंग गाड़ी में सवार होकर गौशाला के पास पहुंचे ही थे कि वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दीपक पुत्र बंशीलाल बावरी (निवासी लाड़ोली) वाहन के नीचे दब गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हीरालाल पुत्र सरवन बावरी को गंभीर चोटें आईं, जिनकी Parbatsar अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।

तीन लोग गंभीर रूप से घायल
हादसे में गणेश पुत्र नानूराम बावरी और दिनेश बावरी पुत्र हुकमाराम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें हालत गंभीर होने पर अजमेर रेफर किया गया है। वहीं लक्ष्मण पुत्र मोहनराम बावरी को परबतसर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि यह कैम्पर वाहन अजमेर जिले के पनेर गांव से शादी समारोह में आया था और उसी से लोग बडू की ओर जा रहे थे। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एएसआई गोपाललाल मेहरा पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।
शादी वाले घर में मचा कोहराम
हादसे की खबर मिलते ही शादी वाले घर में मातम छा गया। परिवार ने हालात को देखते हुए जल्दबाजी में विवाह की रस्में पूरी कर बारात को विदा किया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण बडू अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई के बाद शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया।

