झुंझुनू। झुंझुनू जिले के खेतड़ी नगर पालिका की पूर्व उपाध्यक्ष सुनीता जलचंद्रा (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. उन्होंने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. उनके शरीर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामला संदिग्ध हो गया है. सुनीता के मायके पक्ष की शिकायत पर पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है. मामला मेहाडा थाना क्षेत्र का है.

मामले में मिली जानकारी के अनुसार, भाजपा नेत्री सुनीता जलचंद्रा नवलगढ़ की रहने वाली थी. 13 नवंबर 2013 को सुनीता की शादी खेतड़ी निवासी सोहनलाल के पुत्र गजेंद्र के साथ हुई थी. परिजनों ने पुलिस को की गई अपनी शिकायत में बताया है कि विवाह में 40 लाख रुपए खर्च किए गए थे और दहेज में 25 तोला सोना, नकदी और घरेलू सामान भी दिए गए थे. लेकिन ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे और लगातार दहेज की मांग कर सुनीता को प्रताड़ित कर रहे थे.
सुनीता के मायके वालों का आरोप है कि ससुराल पक्ष एसयूवी कार और 11 लाख रुपए की मांग कर रहा था. सुनीता के भाई नवलगढ निवासी अर्पित कुमावत के अनुसार पुत्र के पैदा होने पर भी उन्होंने पीहर पक्ष को 2 लाख 51 हजार रुपए नगद, 10 तोला सोना और 500 ग्राम चांदी दी थी. बावजूद इसके प्रताड़ना का दौर जारी था.
सुनीता के मायके पक्ष का आरोप है कि वर्ष 2021 में पार्षद चुनाव के दौरान भी सुनीता के ससुराल वालों ने 3 लाख रुपए मांगने का दबाव बनाया था. इसके अलावा मायके वालों ने सुनीता के पति गजेंद्र का जयपुर की एक लड़की से संबंधों का भी आरोप लगाया गया है. आरोप है कि गजेंद्र उस लड़की से अक्सर वीडियो कॉल पर बात करता था. सुनीता ने अपने मायके वालों को बताया था कि वह लड़की भी सुनीता को फोन पर जान से मारने की धमकी देती है.
परिवार वालों के अनुसार 13 फरवरी 2026 को एक पारिवारिक समारोह के दौरान उस लड़की के चलते पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था, उसके बाद सुनीता ने ससुराल लौट से मना कर दिया था पर बाद में समझाइश के बाद वह चली गई थी. मायके वालों के अनुसार घटना से दो-तीन दिन पहले सुनीता ने अपने पिता को फोन कर ससुराल में जान का खतरा होने की बात करते हुए वहां से ले जाने की बात कही थी. परिजन उसे लेने जाने की तैयारी ही कर रहे थे कि अचानक उसकी मौत की खबर आ गई.
मायके वालों का आरोप है कि सुनीता के शव पर मारपीट के चोट के निशान है. उन्होंने मारपीट के बाद सुनीता को फांसी पर लटका कर हत्या करने का आरोप लगाया है. जिस पर पति गजेंद्र, ससुर सोहनलाल,सास सजना देवी, ननद सुनीता और जेठ पवन के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

