Rajasthan News: राजस्थान पुलिस ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत एक ऐसे अंतर्राज्यीय साइबर नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है, जिसके तार सीधे पाकिस्तान से जुड़े हैं। पुलिस ने डबलीराठान निवासी हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी लड़की राबिया के प्यार में इस कदर अंधा हुआ कि देशवासियों की गाढ़ी कमाई लूटकर सरहद पार भेजने लगा।

हनीट्रैप या मोहब्बत? मोबाइल खोलते ही पुलिस के उड़े होश

मामला तब खुला जब राजपाल नामक व्यक्ति ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई। शुरुआती जांच में यह एक सामान्य ठगी लग रही थी, लेकिन जब साइबर सेल ने आरोपी हरदीप का मोबाइल खंगाला, तो पुलिस भी दंग रह गई। हरदीप पाकिस्तान की राबिया के साथ लगातार संपर्क में था। राबिया के इशारे पर ही उसने भारत में ठगी का जाल बिछाया और लूटी गई रकम सीधे पाकिस्तानी बैंक खातों में ट्रांसफर करने लगा।

पाकिस्तान से चल रहा था ठगी का कॉल सेंटर

पूछताछ में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस को पता चला है कि पाकिस्तान से बकायदा एक साइबर ठगी कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है, जिसका मुख्य निशाना भारतीय नागरिक हैं। हरदीप इस नेटवर्क के लिए ‘लोकल हैंडलर’ के रूप में काम कर रहा था। वह न केवल राबिया को पैसे भेजता था, बल्कि उसके कहने पर पाकिस्तान के अन्य सिंडिकेट सदस्यों को भी फंड मुहैया करा रहा था।

वीजा नहीं मिला तो ठगी को बनाया जरिया

जांच में यह भी सामने आया है कि हरदीप अपनी पाकिस्तानी प्रेमिका से मिलने के लिए बेताब था। उसने पाकिस्तान जाने के लिए वीजा भी अप्लाई किया था, लेकिन तकनीकी कारणों से वीजा रिजेक्ट हो गया। इसके बाद उसने राबिया के कहने पर देश के साथ गद्दारी और ठगी का रास्ता चुन लिया।

पुलिस प्रवक्ता, हनुमानगढ़ के अनुसार आरोपी हरदीप पाकिस्तानी हैंडलर्स के सीधे संपर्क में था। ठगी की रकम को विदेश भेजने के लिए किन चैनलों का इस्तेमाल हुआ, इसकी गहन जांच की जा रही है।

पढ़ें ये खबरें