Rajasthan News: राजस्थान के बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा सीट से चर्चित निर्दलीय विधायक रविंद्र सिंह भाटी और मशहूर भजन गायक छोटू सिंह रावणा के बीच छिड़ा जुबानी युद्ध अब पुलिस थाने की दहलीज तक जा पहुँचा है। सोशल मीडिया पर एक मामूली कमेंट से शुरू हुई यह बहस अब बाड़मेर में बड़े जातीय और राजनीतिक तनाव में तब्दील हो गई है।

थाने के सामने धरना और फिर FIR

दरअसल, शिव पुलिस थाने में विधायक रविंद्र सिंह भाटी समेत 6-7 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं (BNSS 351 और 79) के तहत मामला दर्ज किया गया है। बता दें कि पुलिस ने पहले रिपोर्ट लिखने में आनाकानी की थी, जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में रावणा राजपूत समाज के लोग थाने के बाहर धरने पर बैठ गए। मामला बढ़ता देख प्रशासन ने रिपोर्ट दर्ज की और अब इसकी जांच CID-CB करेगी।

क्या है पूरा विवाद?

गौरतलब है कि विवाद की शुरुआत तब हुई जब छोटू सिंह रावणा ने शिव क्षेत्र की एक खराब सड़क का वीडियो सोशल मीडिया पर डाला। रावणा का दावा है कि विधायक ने उन्हें फोन कर कहा, तुझे दो बार पहले छोड़ दिया था, इस बार नहीं बचेगा। गायक ने आरोप लगाया कि विधायक के समर्थकों ने उनके परिवार की महिलाओं को लेकर भद्दे कमेंट्स और मैसेज किए। छोटू सिंह का कहना है कि विधायक की टीम 5-10 हजार फर्जी आईडी से लोगों को टारगेट करती है।

अगर बैंड बजाने पर आया तो…

मिली जानकारी के अनुसार शिव में हुई महापंचायत के दौरान छोटू सिंह रावणा काफी भावुक नजर आए। उन्होंने मंच से ललकारते हुए कहा, मैंने सिर्फ एक सड़क दिखाई तो हलचल मच गई, अगर मैं पूरे शिव की सड़कें दिखाने लग गया तो बैंड बज जाएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर समाज के स्वाभिमान की बात आई, तो वे राजनीति में कदम रखने से भी पीछे नहीं हटेंगे।

पढ़ें ये खबरें