Rajasthan News: विधानसभा में सोमवार को प्रश्नकाल पक्ष-विपक्ष के विधायकों में तीखी नोकझोंक, तंज, कटाक्ष और हंगामे के नाम रहा। विधायकों के स्कूल शिक्षा से जुड़े सवालों पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार ने इंग्लिश मीडियम के बोर्ड तो लगा दिए, लेकिन पद सुजित नहीं किए। इससे विद्यार्थियों के साथ अन्याय हुआ।

उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार ने जहां भी विज्ञान संकाय खोले, वहां सभी आवश्यक पद सृजित किए गए, वहां भी बजट नहीं दिया। मंत्री के अनुसार 970 स्कूलों में विज्ञान संकाय खोले गए, पहले 3880 पद और बाद में 970 अतिरिक्त पद दिए गए। जूली ने जवाब देते हुए कहा कि किसने बंटाधार किया, यह सब जानते हैं। आप तो यह बताएं कि सवा दो साल में कितनी जगह विज्ञान संकाय खोले और कितनी पोस्टिंग दी। राजनीतिक भाषण देने की जगह सवाल का सीधा जवाब दें।

पर्ची पर संदेश, ट्रांसफर पर पारा गर्म

जब अधिकारियों की गैलरी से मंत्री को पर्ची पर संदेश मिला तो जूली ने तंज करते हुए कहा कि कम से कम पर्ची पर लिखा हुआ जवाब तो सही तरीके से पढ़ लें। इसके बाद सवाल की प्रकृति को लेकर भी विवाद खड़ा हो गया। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग ने आपत्ति जताई कि यह केवल एक विधानसभा क्षेत्र का सवाल है। बहस के दौरान दिलावर ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकार के समय ट्रांसफर में पैसे लिए जाते थे। इस टिप्पणी पर कांग्रेस विधायक भड़क उठे और सदन में शोर शराबा बढ़ गया। स्पीकर देवनानी ने दखल देते हुए, स्पष्ट किया कि प्रश्न के पहले खंड में प्रदेश का विषय लिखा हुआ है, इसलिए मंत्री विस्तृत उत्तर दें।

स्कूटी वितरण में अनियमितताओं पर मंत्री घिरे

प्रश्नकाल में विधायक कैलाश वर्मा ने बगरू क्षेत्र में विधायक कोष से दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरण का मुद्दा उठाया। वर्मा ने आरोप लगाया कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण पात्र दिव्यांगजनों को स्कूटी नहीं मिल पाई। इस पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि बजट में विधायक कैलाश वर्मा की ओर से 20 स्कूटी की अनुशंसा की गई थी, जिनमें से 17 का वितरण किया जा चुका है। शेष लाभार्थियों के दस्तावेज और ड्राइविंग लाइसेंस अधूरे थे। अब सभी 20 स्कूटी का वितरण 30 जून को विधायक के जन्मदिन पर कर दिया जाएगा।

पूर्व सीएम गहलोत की मौजूदगी में तंज

सदन में पूर्व सीएम अशोक गहलोत की मौजूदगी के बीच विधायक कैलाश वर्मा और मंत्री अविनाश गहलोत ने चुटकी लेते हुए कहा कि आज बेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा के बीच परफॉर्मेंस दिखने की होड़ मची हुई है। इस पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई। जूली ने आरोप लगाया कि सरकार सवालों से भाग रही है और मंत्री पर्ची आने के बाद भी स्पष्ट जवाब नहीं दे पा रहे हैं। मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग और जूली के बीच भी बहस हुई।

इन विधायकों ने भी उठाए मुद्दे

विधायक सुभाष मील के खंडेला विधानसभा क्षेत्र में तारबंदी योजना के लाभार्थियों को लेकर उठे सवाल पर कृषि मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने बताया कि विभिन्न श्रेणियों के किसानों को अनुदान दिया जा रहा है। वहीं, ब्यावर विधायक शंकर सिंह रावत के सवाल पर राजस्व मंत्री हेमंत मीणा वे कहा कि मालपुरा ग्राम पंचायत को नगर परिषद में शामिल कर लिया है। अब संबंधित भूमि आवंटन का मामला जिला स्तरीय समिति को भेजा जा रहा है।

प्रदेश में गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना को लेकर मालवीय बगर विधानसभा कालीचरण सर्राफने सवाल किया तो राजस्व मंत्री हेमंत मीणा ने कहा कि योजना के तहत 14,500 आवेदनों में से 7,852 लाभार्थियों को 38.46 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। बाड़मेर में अनियमितता के मामले में प्रबंध निदेशक को निलंबित कर नोटिस जारी किया गया है। पोकरण विधायक प्रताप पुरी के सवाल पर मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बताया कि युवाओं के कौशल विकास के लिए 2024 से 26 के बीच एक लाख युवाओं को प्रशिक्षित किया जाएगा।

पढ़ें ये खबरें