Rajasthan News: संसद में विपक्षी और सत्तापक्ष सांसदों के बीच धक्का-मुक्की की घटना के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने से कांग्रेस ने भाजपा पर तीखा हमला बोला।
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पहली बार है जब सत्तापक्ष ने विपक्षी सांसदों को बाहुबल के दम पर संसद में प्रवेश करने से रोका और उन्हें चोट पहुंचाने का प्रयास किया।
गहलोत ने कहा, इतिहास में पहली बार ऐसा देखा गया है कि सत्ताधारी सांसदों ने विपक्षी नेताओं के साथ ऐसा व्यवहार किया है। इसके बावजूद, भाजपा पूरी बेशर्मी के साथ राहुल गांधी पर झूठे आरोप लगा रही है।

अशोक गहलोत ने राहुल गांधी की सोच और गांधी परिवार की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी विचारधारा अहिंसा, प्यार और भाईचारे पर आधारित है। उन्होंने कहा, राहुल गांधी का जीवन सच्चाई और मानवता की सेवा के लिए समर्पित है। गांधी परिवार ने हमेशा अहिंसा में विश्वास रखा है, यहां तक कि राजीव गांधी के हत्यारों के मृत्युदंड को भी माफ कर दिया गया था।
गहलोत ने भारत जोड़ो यात्रा का संदर्भ देते हुए कहा कि राहुल गांधी ने 4,000 किलोमीटर की यात्रा कर देश के हर वर्ग को जोड़ने का काम किया, जो उनकी मानवता और सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
गहलोत ने राहुल गांधी पर दर्ज एफआईआर को भाजपा की साजिश करार देते हुए कहा, सुबह आरोप लगाए जाते हैं और शाम तक एफआईआर दर्ज हो जाती है। यह भाजपा के षड्यंत्र का हिस्सा है। गहलोत ने यह भी सवाल उठाया कि घटना के सीसीटीवी फुटेज अब तक सार्वजनिक क्यों नहीं किए गए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के पास इन फुटेज को अपने मुताबिक छेड़छाड़ कर पेश करने की योजना हो सकती है। यह पूरे प्रकरण को सरकार, अधिकारियों और मीडिया द्वारा एक बड़ी साजिश का हिस्सा बनाता है।
गहलोत ने कहा कि भाजपा का यह दुष्प्रचार राहुल गांधी की छवि को धूमिल नहीं कर सकता, क्योंकि देश की जनता उन्हें पहचानती है। उन्होंने भाजपा पर लोकतंत्र की मर्यादाओं को तोड़ने और विपक्ष की आवाज को दबाने का आरोप लगाया।
पढ़ें ये खबरें
- महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए जयवर्धन सिंह: देहरी पर प्रणाम कर लिया आशीर्वाद, नंदी हॉल से भगवान के किए दर्शन
- भ्रष्टाचार केस में बड़ा ट्विस्ट: निलंबित DIG हरचरण सिंह भुल्लर ने CBI नोटिस को दी चुनौती, 27 मार्च को अहम सुनवाई
- तेजस्वी में हिम्मत नहीं की वे अपने बागी विधायक के खिलाफ एक्शन ले सकें! जदयू नेता ने नेता प्रितपक्ष को दिया चैलेंजे
- Chhattisgarh Assembly: युक्तियुक्तकरण के साथ अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण पर घिरे शिक्षा मंत्री, जवाब से असंतुष्ट विपक्ष ने किया वॉकआउट…
- पटना में गैस के लिए हाहाकार, सुबह 3 बजे से कतार, नहीं मिला सिलेंडर तो सड़क पर फूंके टायर, ब्लैक में बेचने का आरोप

