Rajasthan News: कोटा जिले के भैरूपुरा गांव में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने एक ऐसी शर्त रख दी कि वहां मौजूद ग्रामीण भी एक पल के लिए सन्न रह गए। मंत्री ने साफ कहा अगर गांव का विकास चाहिए, तो शराब की बोतल छोड़नी होगी।

दरअसल, शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की 4 दिवसीय जन हिताय-जन सुखाय पदयात्रा का सोमवार को समापन हुआ। यात्रा के आखिरी दिन वे कोटा की बोराबास पंचायत के भैरूपुरा गांव पहुंचे थे, जहां उन्होंने नशा मुक्ति को लेकर जो तरीका अपनाया, उसकी चर्चा पूरे इलाके में है।
मुझे पैसे नहीं, तुम्हारी बोतल चाहिए
जब मंच पर ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे, तो मंत्री दिलावर ने एक भावुक अपील की। उन्होंने कहा कि मैं आपकी हर मांग पूरी करने को तैयार हूं, लेकिन मुझे इसके बदले में आप लोगों से एक चीज़ चाहिए।
मंत्री ने आगे कहा, घबराओ मत, मुझे पैसे नहीं चाहिए। मुझे तो सिर्फ तुम्हारी शराब की बोतल चाहिए। उसे मुझे सौंप दो और संकल्प लो। मंत्री के इस अंदाज को देखकर ग्रामीण पहले तो थोड़ा सकपकाए, लेकिन फिर बड़े बुजुर्गों के समझाने पर एक-एक कर सभी मंच पर पहुंचे।
पानी के लोटे की सौगंध और 80 लाख का तोहफा
इसके बाद मंत्री ने लोटा भर पानी मंगवाया और सभी पुरुषों को हाथ में जल लेकर कसम खिलवाई कि आज के बाद वे कभी शराब को हाथ नहीं लगाएंगे। इस शपथ के तुरंत बाद दिलावर ने गांव के विकास के लिए तुरंत 80 लाख रुपये की घोषणा की। इसमें 30 लाख रुपये नाली निर्माण और सीसी रोड बनाने के लिए, 35 लाख रुपये आंगनबाड़ी भवन निर्माण के लिए, 5 लाख रुपये श्मशान घाट की चारदीवारी के लिए और 10 लाख रुपये सामुदायिक भवन बनाने के लिए दिए। मंत्री ने सख्त लहजे में यह भी कह दिया कि अगर किसी ने वादा तोड़ा और फिर से शराब पी, तो गांव के लिए घोषित यह विकास फंड तुरंत रोक दिया जाएगा।
कोई परेशानी हो तो मुझे बताओ
मंत्री दिलावर ने न सिर्फ फंड दिया, बल्कि गांव की महिलाओं और परिवारों को भरोसा भी दिलाया। उन्होंने अधिकारियों को कैंप लगाकर प्रधानमंत्री आवास योजना और पेंशन जैसी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीणों से कहा, आज से तुम सब मेरे भाई हो। अगर कोई बीमार पड़े या कोई बड़ी परेशानी हो, तो मुझे बताना। मैं जयपुर ले जाकर इलाज कराऊंगा, बस बच्चों के भविष्य के लिए शराब से दूरी बनाए रखो।
पढ़ें ये खबरें
- अहमदाबाद में 40 हजार किलो मिलावटी मावा जब्त, बिना एक्सपायरी डेट के 1 लाख किलो की जांच जारी
- Spain Train Accident: 68 लोगों की मौत के बाद भड़का गुस्सा, मैड्रिड में प्रदर्शन; परिवहन मंत्री के इस्तीफे की मांग
- ‘राहुल गांधी की राजनीतिक जमीन बंजर’, PM मोदी के ट्वीट पर संजय सरावगी ने कांग्रेस को घेरा
- शिवपुरी में दिल दहला देने वाली घटना: छोटी बहन की मौत के सदमे में बड़ी बहन ने भी बच्चों संग कुएं में कूदकर दी जान; दो सगी बहनों समेत 6 की मौत
- प्रॉपर्टी टैक्स नहीं चुकाने पर सील हुईं 5 संपत्तियां, ये है पूरा हिसाब

