Rajasthan News: राजस्थान की राजनीति में इन दिनों जुबानी तीर कुछ ज्यादा ही तीखे चल रहे हैं। दरअसल, बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के इंतजारशास्त्र वाले बयान पर ऐसा पलटवार किया है जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। मंगलवार को राठौड़ ने दो टूक कह दिया कि गहलोत साहब का टाइम अब पूरा हो चुका है, उन्हें अब मार्गदर्शक की भूमिका में आ जाना चाहिए।

75 के बाद तो संन्यास का वक्त होता है
मदन राठौड़ ने गहलोत की उम्र पर चुटकी लेते हुए कहा कि वे अभी वानप्रस्थ में हैं और 75 साल की उम्र पार करने के बाद तो इंसान को संन्यास आश्रम की ओर बढ़ जाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, अब गहलोत साहब को कुर्सी का इंतजार छोड़ देना चाहिए और ‘संतोषशास्त्र’ अपनाना चाहिए। आखिर कब तक इंतजार में बैठे रहोगे? अब तो कहिए कि हम नई पीढ़ी का हाथ थामेंगे और उन्हें सही रास्ता दिखाएंगे।
शब्द चयन बिगड़ा, स्वभाव में आ गया सनकीपन
ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, राठौड़ यहीं नहीं रुके। उन्होंने गहलोत के बदलते बर्ताव पर भी तीखा हमला बोला। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बढ़ती उम्र का असर अब गहलोत के फैसलों और उनकी जुबान पर दिखने लगा है। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे गहलोत ने कभी अपनों को नकारा-निकम्मा कहा था। राठौड़ ने आरोप लगाया, जब कोई सनकी स्वभाव का हो जाए और विवेक शून्य होने लगे, तो समझ लेना चाहिए कि उम्र अपना काम कर रही है। कभी कहते हैं बेटों को राजनीति से दूर रखो और खुद अपने बेटे को आगे ले आए।
जहां गए वहां किया बंटाधार, अब खत्म हुआ जलवा
कांग्रेस की खस्ता हालत के लिए सीधा गहलोत को जिम्मेदार ठहराते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि उन्होंने पार्टी को गड्ढे में धकेल दिया है। राठौड़ ने दावा किया कि गहलोत ने पंजाब, गुजरात और महाराष्ट्र में जहां भी कमान संभाली, वहां पार्टी का बंटाधार ही हुआ। गौरतलब है कि बीजेपी का मानना है कि गहलोत का जलवा अब पूरी तरह खत्म हो चुका है और अब दिल्ली के चक्कर काटने से भी उन्हें कुछ मिलने वाला नहीं है।
दिल्ली की दौड़ और गिरती सेहत पर तंज
गहलोत के बार-बार दिल्ली जाने पर चुटकी लेते हुए मदन राठौड़ ने कहा कि उनके विरोधी दिल्ली में पैर जमाए हुए हैं, इसलिए गहलोत भी अपना रसूख बचाने की कोशिश में वहां दौड़ लगा रहे हैं। उन्होंने तंज भरे लहजे में कहा, गहलोत साहब सिर्फ चर्चा में बने रहने के लिए दिल्ली भाग रहे हैं, लेकिन इस फालतू के इंतजार में वे सिर्फ दुबले ही होते जाएंगे।
पढ़ें ये खबरें
- आलेख : जिसका मुझे था इंतजार…वो घड़ी आ गई…लाल आतंक का देश से हुआ अंत – मनोज सिंह बघेल
- RJD समर्थक की अभद्र टिप्पणी वाले सोशल मीडिया पोस्ट पर BJP का पलटवार, सुनीता गोस्वामी बोलीं- जेल नहीं गया आरोपी तो उतरेंगे सड़क पर
- Rajasthan News: अशोक गहलोत को मदन राठौड़ की खरी-खरी, 75 पार कर चुके, अब संन्यास लीजिए और नई पीढ़ी को रास्ता दीजिए
- परीक्षा में किताब-मोबाइल से नकल करते वीडियो वायरल: प्रबंधन पर कॉलेज संचालक के साथ सांठगांठ का आरोप, NSUI ने कुलगुरु से की ये मांग
- Ball Tampering Scandal: जिस हाथ से भारत के खिलाफ ठोका था ऐतिहासिक शतक, उसी से की बॉल टेम्परिंग, इस पाकिस्तानी बल्लेबाज को मिली कड़ी सजा
