Rajasthan News: राजस्थान के करौली जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन स्मैक आउट के तहत पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। करौली पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई में 1.10 करोड़ रुपये कीमत की अवैध स्मैक जब्त की और तीन कुख्यात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक करौली की सटीक रणनीति और कड़ी निगरानी के चलते यह कार्रवाई संभव हो सकी। इस साल करौली जिले में 131 तस्करों को पकड़ा जा चुका है, जो नशे के इस बड़े नेटवर्क का हिस्सा हैं, जो पूरे राजस्थान में फैला हुआ है।
मुखबिर की सूचना के आधार पर कुडगांव थानाधिकारी चंचल शर्मा और जिला स्पेशल टीम ने डियापुरा नडा गांव में नाकाबंदी की। इस दौरान तीन संदिग्ध तस्कर पकड़े गए। पकड़े गए तस्करों में घासीलाल (58) निवासी मोतीपुरा, बारां से 181.71 ग्राम स्मैक और 4 लाख 200 रुपये नकद बरामद किए गए। वहीं, कमल मीना (21) और विकास मीना (20), दोनों सवाईमाधोपुर के निवासी, के पास से क्रमशः 52.59 ग्राम और 52.79 ग्राम स्मैक मिली। पुलिस ने एक बिना नंबर की आरटीआर अपाची मोटरसाइकिल, दो एंड्रॉइड फोन और एक कीपैड मोबाइल भी जब्त किया।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि ये तस्कर बारां जिले से स्मैक खरीदकर करौली, सवाईमाधोपुर, गंगापुर सिटी, सपोटरा और कुडगांव में सप्लाई करते थे। ये कच्चे रास्तों और जिले की सीमाओं का इस्तेमाल कर तस्करी को अंजाम देते थे। पुलिस इन तस्करों पर लंबे समय से नजर रखे हुए थी।
इस साल 1 जनवरी से अब तक करौली पुलिस ने नशे के खिलाफ 65 मामले दर्ज किए और 131 तस्करों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने 999.885 ग्राम स्मैक, 103.843 किलो गांजा, 20.615 किलो डोडा पोस्त, 2 लाख 400 नशीली गोलियां और 500 नशीले इंजेक्शन जब्त किए हैं।
इस कार्रवाई में जिला स्पेशल टीम के कॉन्स्टेबल कमल सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मामले को एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज कर सपोटरा थानाधिकारी को जांच सौंपी गई है। इस कार्रवाई से नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
पढ़ें ये खबरें
- JABALPUR NEWS: शातिर वाहन चोर गिरफ्तार… रसगुल्ले में मिले कॉकरोच… महिलाओं ने जमकर उड़ाया गुलाल
- पश्चिम बंगाल रवाना हुए सीएम धामी, BJP की ‘परिवर्तन यात्रा’ में होंगे शामिल, जानिए उनका पूरा कार्यक्रम
- राज्यसभा सीट को लेकर जेडीयू में मंथन, जल्द फैसला लेंगे सीएम, क्या निशांत कुमार होंगे राज्यसभा के उम्मीदवार?
- SA vs NZ T20 World Cup 2026 1st Semi Final: न्यूजीलैंड ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ जीता टॉस, पहले गेंदबाजी का किया फैसला, जानिए पिच रिपोर्ट, दोनों टीमों के हेड टू हेड आंकड़े और प्लेइंग 11 समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स
- मुजफ्फरपुर में होली और रमजान से पहले पुलिस की बड़ी कार्रवाई, हथियार के साथ दो अपराधी गिरफ्तार
