Rajasthan News: राजस्थान के कोटा जिले की पीपलदा तहसील के इटावा कस्बे में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। बच्चों से भरी एक स्कूल वैन और बोलेरो के बीच जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहन पलट गए। वैन में सवार 12 में से दो छात्राओं की मौत हो गई, जबकि सात बच्चों को गंभीर हालत में कोटा रेफर किया गया है। तीन बच्चों का इलाज फिलहाल इटावा अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, हादसा 132 केवी जीएसएस के पास हुआ जब ‘स्कूल ऑफ जॉय एंड हैप्पीनेस’ के बच्चे इको वैन से स्कूल जा रहे थे। रास्ते में वैन का टायर अचानक फट गया और सामने से आ रही बोलेरो से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बच्चे करीब 20 मीटर दूर जाकर गिरे।
स्थानीय लोगों ने तुरंत बच्चों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन 4वीं कक्षा की पारुल और 10वीं की तनु नागर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे तो माहौल बेहद भावुक हो गया।
डीएसपी शुभम जोशी ने बताया कि घायलों को प्राथमिकता से इलाज के लिए भेजा गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। मौके से मिले वीडियो में सड़क पर बच्चों की कॉपियां और किताबें बिखरी पड़ी नजर आईं, जिन्हें स्थानीय लोग समेटते दिखे।
बोलेरो में सवार दो लोगों को भी हल्की चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि वैन का टायर फटते ही ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया।
घटना के बाद यह भी सामने आया कि जिस इको वैन में बच्चे बैठे थे, उसमें क्षमता से अधिक यानी 12 बच्चों को बैठाया गया था। वाहन का रंग भी प्राइवेट ग्रे था, जबकि स्कूल ड्यूटी पर लगी गाड़ियों के लिए पीला रंग और स्कूल वाहन की पहचान अनिवार्य होती है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पढ़ें ये खबरें
- आज से मलेशिया दौरे पर पीएम मोदी, स्वागत में 800 से ज्यादा कलाकार करेंगे डांस ; रक्षा-व्यापार सहयोग पर होगी बड़ी चर्चा
- BREAKING: उरकुरा रेल्वे स्टेशन के समीप स्थित आइल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी…
- दिल्ली पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल को बड़ी सफलता, 1.5 करोड़ की हेरोइन के साथ ड्रग सप्लायर गिरफ्तार
- मासूम बनी आवारा कुत्तों का शिकारः डेढ़ साल की बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने बोला हमला, नोचते ले गए, लहुलूहान हालत में मिली
- ‘बिहार से हमारा पुराना रिश्ता’, विधानसभा के 105वें स्थापना दिवस पर बोले किरण रिजिजू, बिहार के नेताओं पर दिया यह बड़ा बयान

