Rajasthan News: हरियाणा के अंबाला में तीन संदिग्ध आतंकवादियों की गिरफ्तारी ने राजस्थान की सुरक्षा व्यवस्था में खलबली मचा दी है। दरअसल, इन आतंकियों ने पूछताछ में जो खुलासा किया है, उसने हनुमानगढ़ में लोगों की चिंताएं बढ़ा दी हैं। आतंकियों ने जांच एजेंसियों को बताया है कि उनकी योजना हनुमानगढ़ समेत देश के कई बड़े शहरों में धमाके करने की थी।

इस खबर के सामने आते ही हनुमानगढ़ पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। एसपी हरीशंकर ने खुद मामले की गंभीरता को समझते हुए अंबाला के अधिकारियों से संपर्क साधा है। ग्राउंड सूत्रों के मुताबिक, मामले की बारीकियों को समझने के लिए एक डीएसपी के नेतृत्व में पुलिस की एक हाई-प्रोफाइल टीम को तुरंत अंबाला रवाना कर दिया गया है।

अगले हफ्ते हनुमानगढ़ लाए जा सकते हैं आतंकी

बता दें कि यह टीम वहां न सिर्फ हरियाणा पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर तीनों आतंकियों से पूछताछ करेगी, बल्कि हनुमानगढ़ में छिपे उनके संभावित नेटवर्क की कड़ियां भी तलाशेगी। सूत्रों की मानें तो कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद अगले सप्ताह तक इन आतंकियों को हनुमानगढ़ लाया जा सकता है। पुलिस इस पूरे मामले में पाकिस्तान कनेक्शन के एंगल को भी बहुत बारीकी से खंगाल रही है।

पुलिस की मुस्तैदी और साइबर सेल की नजर

अंबाला वाली इनपुट के बाद हनुमानगढ़ में सुरक्षा का घेरा और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने शहर के हर मुख्य चौराहे, रेलवे स्टेशन और भीड़भाड़ वाले इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। साइबर सेल की मदद से आतंकियों के डिजिटल फुटप्रिंट्स की पड़ताल की जा रही है। गौरतलब है कि जिले में पहले से ही अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान पुलिस को बड़ी सफलताएं मिली थीं, जो अब इस बड़ी जांच में भी मददगार साबित हो रही हैं।

प्रशासन का क्या कहना है?

मामले पर एसपी हरीशंकर ने कहा कि पुलिस हर वक्त मुस्तैद है। आतंकियों के बयानों के आधार पर ही अगली तस्वीर साफ होगी। यदि स्थानीय स्तर पर कोई नेटवर्क सामने आता है, तो उनके खिलाफ ऐसी सख्त कार्रवाई होगी जो एक नजीर बनेगी।

पढ़ें ये खबरें