Rajasthan Politics: राजस्थान की सियासत में आज उस वक्त हड़कंप मच गया जब बीजेपी के प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने पूर्व सीएम अशोक गहलोत पर सीधा हमला बोला। उन्होंने गहलोत पर कांग्रेस के भीतर गुटबाजी को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए बड़ा बयान दिया है।

गहलोत की बंदूक और कांग्रेस की अंदरूनी जंग

दरअसल, जयपुर में मीडिया से चर्चा करते हुए राधा मोहन अग्रवाल ने चुटकी लेते हुए कहा कि अशोक गहलोत की बंदूकें भले ही हमारी तरफ तनी दिखती हों, लेकिन उनका असली निशाना अपनी ही पार्टी के नेता होते हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि गहलोत साहब सिर्फ खुद को दूसरों से बड़ा साबित करने की होड़ में लगे हैं और कांग्रेस की ये अंदरूनी लड़ाई अब जगजाहिर हो चुकी है।

वसुंधरा राजे की तारीफ के क्या हैं मायने?

इस दौरान सबसे ज्यादा चर्चा राधा मोहन अग्रवाल के उस बयान की हो रही है जिसमें उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे की जमकर तारीफ की। गौरतलब है कि उन्होंने वसुंधरा राजे के हालिया बयान का समर्थन करते हुए कहा कि जो लोग अच्छा काम करते हैं, उन्हें राजनीति में हमेशा समुचित स्थान मिलना चाहिए। अग्रवाल ने कहा कि द्वेष और बदले की राजनीति तो गहलोत सरकार के समय होती थी, हमारी सरकार तो सिर्फ विकास पर ध्यान दे रही है।

मंत्रिमंडल विस्तार और नियुक्तियों पर बड़ा अपडेट

लंबे समय से चल रही मंत्रिमंडल विस्तार की अटकलों पर भी प्रभारी ने स्थिति साफ कर दी है। उन्होंने दो टूक कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा लगातार मंत्रियों के कामकाज का मूल्यांकन कर रहे हैं। विस्तार करना है या नहीं, यह पूरी तरह सीएम का विशेषाधिकार है। वहीं, राजनीतिक नियुक्तियों में हो रही देरी पर उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया अंतिम दौर में है और जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी।

संगठन में होगा बड़ा बदलाव

ग्राउंड सूत्रों के अनुसार, राजस्थान बीजेपी अब नए प्रशासनिक जिलों के हिसाब से अपने संगठनात्मक जिले भी बनाने जा रही है। प्रदेश अध्यक्ष को इसके लिए अधिकृत कर दिया गया है। पार्टी अब पूरी तरह से निकाय और स्थानीय चुनावों के लिए चुनावी मोड में आ चुकी है।

पढ़ें ये खबरें