Rajasthan Politics: चित्तौड़गढ़ भाजपा में चल रही अंदरूनी खींचतान थमने का नाम नहीं ले रही है। मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद से पार्टी में गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। असंतुष्ट खेमे ने 29 जनवरी तक का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन प्रदेश नेतृत्व की चुप्पी से नाराजगी और बढ़ गई।
एक तरफ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और जिलाध्यक्ष रतन लाल गाडरी का समर्थक वर्ग है, तो दूसरी ओर पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सीपी जोशी का नाराज खेमा। इस विवाद को सुलझाने के लिए अब तक तीन से चार बैठकों का दौर हो चुका है, लेकिन सहमति नहीं बन पाई है। विवाद की जड़ छह मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति है।

नियुक्तियों में अनदेखी का आरोप
सीपी जोशी गुट के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि तय मापदंडों को दरकिनार करते हुए छह में से पांच मंडल अध्यक्ष विधायक चंद्रभान सिंह के समर्थकों को बना दिए गए। इससे संगठन में असंतोष और गहरा गया है।
जिलाध्यक्ष की भूमिका पर सवाल
सूत्रों के मुताबिक, मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति जिलाध्यक्ष और विधायक की सहमति से ही की गई थी। विवाद बढ़ने के बाद जिलाध्यक्ष रतन गाडरी को दिल्ली बुलाया गया। बताया जा रहा है कि उनके द्वारा भेजे गए नामों के कारण ही संगठन में यह विवाद खड़ा हुआ है। पार्टी नियमों के अनुसार मंडल अध्यक्ष की उम्र 35 से 45 वर्ष होनी चाहिए, लेकिन नियुक्तियों में इस शर्त की अनदेखी किए जाने का आरोप भी लगाया जा रहा है।
भदेसर मंडल अध्यक्ष पर आपराधिक मामले होने की बात सामने आई है। उन्हें जिलाध्यक्ष का करीबी बताया जा रहा है। इसके अलावा आरोप है कि कुछ नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष पहले पार्टी से निष्कासित भी रह चुके हैं, जो संगठनात्मक मर्यादाओं के खिलाफ माना जा रहा है।
वरिष्ठ नेताओं ने जताई आपत्ति
इस मुद्दे पर हुई बैठकों में पूर्व जिलाध्यक्ष मिट्ठूलाल जाट, बांसवाड़ा प्रभारी कमलेश पुरोहित, महामंत्री रघु शर्मा और हर्षवर्धन सिंह जैसे वरिष्ठ नेता शामिल रहे। इनके साथ ही सागर सोनी, गोपाल चौबे और रणजीत सिंह भाटी ने भी नियुक्तियों पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
जिलाध्यक्ष ने सवालों से बनाई दूरी
जब इस पूरे मामले पर भाजपा जिलाध्यक्ष रतन गाडरी से प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने किसी कार्यक्रम में व्यस्त होने का हवाला देकर जवाब देने से बचते रहे।
सूत्रों के मुताबिक, चित्तौड़गढ़, बस्सी और घोसुंडा मंडल अध्यक्ष विधायक के समर्थक माने जा रहे हैं, जबकि भदेसर मंडल अध्यक्ष को भाजपा अध्यक्ष का करीबी बताया जा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- Crime News : नशे के कारोबार पर पुलिस का शिकंजा, 1650 अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ 2 युवक गिरफ्तार
- अर्जुन सिंह की नीतिगत विरासत पर मंथन, दिग्विजय सिंह, भूपेश बघेल समेत कई दिग्गज कांग्रेसी हुए शामिल
- दिग्विजय सिंह ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा- BJP ने देश में जहर घोलने का किया काम, कांग्रेस अहिंसा की समर्थक
- साध्वी रंजना पर हमला: असामाजिक तत्वों ने की मारपीट, ओवरटेक करने पर हुआ था विवाद, हिंदू संगठन ने खोला मोर्चा
- प्यार के लिए सुहाग की बलि! पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को उतारा मौत के घाट, आरोपी गिरफ्तार

