ललित सिंह ठाकुर, राजनांदगांव। पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से प्रतिबंधित मादक पदार्थ अल्प्राजोलम की 450 टैबलेट बरामद की हैं, जिनका कुल वजन 48.06 ग्राम बताया गया है। जब्त टैबलेट की कीमत लगभग 1350 रुपये आंकी गई है। इसके साथ ही 840 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती की कीमत 2190 रुपये है।

बता दें कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अवैध गांजा, शराब एवं नशीली दवाइयों की बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में बीते 4 फरवरी 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दुर्ग का रहने वाला एक व्यक्ति राजनांदगांव के महाकाल टी स्टॉल, बायपास रोड के पास नशीली टैबलेट की बिक्री कर रहा है।

सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए थाना स्टाफ रात लगभग 10:30 बजे मौके पर पहुंचा। महाकाल टी स्टॉल बायपास रोड के आगे स्थित एक बंद गुमटी के पास कुछ लोग संदिग्ध अवस्था में खड़े दिखाई दिए। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी को मौके पर पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम इस प्रकार बताए—

  1. सौरभ ध्रुव, निवासी दुर्ग
  2. तरण सिंह, निवासी चिखली, जिला राजनांदगांव
  3. रितेश यादव, निवासी लखोली नाका चौक, राजनांदगांव
  4. प्रमोद बघेल, निवासी चिखली, जिला राजनांदगांव
  5. रोहन गायकवाड़, निवासी चिखली, जिला राजनांदगांव
  6. प्रियांशु चौहान, निवासी चिखली, जिला राजनांदगांव
  7. तारेश सिन्हा, निवासी राजनांदगांव

सभी आरोपियों की विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अल्प्राजोलम की 450 टैबलेट एवं नकद राशि बरामद की गई। नशीली टैबलेट रखने एवं बेचने के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे जाने पर आरोपी कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

बरामद दवाइयों का औषधि निरीक्षक प्रवीण चौबे से सत्यापन कराया गया, जिसमें टैबलेट अल्प्राजोलम (नशीली दवा) होना प्रमाणित हुआ। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 93/26 के तहत नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रोपिक सब्सटेंस एक्ट 1985 की धारा 21(बी) के अंतर्गत मामला पंजीबद्ध किया गया।

सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से जेल वारंट प्राप्त होने पर उन्हें जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशीली दवाइयों, टैबलेट, मादक पदार्थ गांजा एवं अवैध शराब की बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H