Rajnandgaon News Update : राजनांदगांव. धान की रिसाइकलिंग को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा डीओ कम जारी किया गया था. लेकिन अब धान खरीदी की समाप्ति के बाद धान के उठाव में तेजी आएगी. प्रशासन द्वारा कस्टम मिलिंग के लिए 75 लाख क्विंटल का एग्रीमेंट मिलरों से कर लिया गया है. जिसके बाद अब तक जिले के 96 उपार्जन केन्द्रों से धान उठाव के लिए 21 लाख क्विंटल का डीओ जारी कर दिया गया है. जिसमें मिलरों ने 16 लाख क्विंटल के धान का उठाव कर लिया है. राज्य शासन के धान खरीदी नीति के अनुसार प्रशासन को मार्च माह के पहले धान का उठाव कराना होगा. मार्कफेड द्वारा 75 लाख क्विंटल का कस्टम मिलिंग करने की अनुमति दी गई है. जिसमें हर साल की तरह मिलर जिले और अन्य पड़ौसी जिले से भी धान उठाएंगे. देखा गया है कि केन्द्रों से धान उठाव के बाद रिसाइकलिंग यानि धान उठाने के बाद उसे फिर से बेचने की शिकायत मिलती रही है. जिस पर लगाम कसने इस बार प्रशासन द्वारा धान खरीदी के बीच उठाव धीमी रखी गई थी. हांलाकि धान खरीदी के बाद अन्य राज्यों के तर्ज पर उठाव कराने की तैयारी थी. जिसके बाद अब डीओ जारी करने की प्रक्रिया तेज हो गई हैं.


खरीदी के बाद बड़े पैमाने पर एग्रीमेंट
मार्कफेड द्वारा कस्टम मिलिंग के लिए 75 लाख 77 हजार क्विंटल की अनुमति जारी कर दी है. जिसमें मिलरों से 75 लाख 64 हजार क्विंटल का एग्रीमेंट कर लिया गया है. अब तक मिलरों ने 16 लाख 27 हजार क्विंटल का धान उठा लिया है. इस बार जिले में 62 लाख 49 हजार क्विंटल की खरीदी 148351 किसानों से की गई है. प्रशासन द्वारा अब तेजी से कस्टम मिलिंग की तैयारी हैं.
अब संग्रहण केन्द्र का बचेगा खर्चा
धान खरीदी के दौरान जाम से बचने के लिए कुछ संग्रहण केन्द्रों खोला गया था. जिसमें करीब सवा दो लाख क्विंटल का धान परिवहन किया गया था. हांलाकि अब संग्रहण केन्द्रों में धान परिवहन नही कराकर प्रशासन द्वारा खरीदी केन्द्रों से मिलरों को धान जारी किया गया जाएगा. जिससे उपार्जन केन्द्र और संग्रहण केन्द्र के परिवहन की राशि की बचत होगी. बहरहाल प्रशासन द्वारा मिलरों को सख्त निर्देश देकर उठाव करने कहा जा रहा है.
सीएफएल और सम्पवेल की होगी सफाई, पानी सप्लाई रहेगी बाधित
राजनांदगांव. नगर पालिक निगम द्वारा ग्रीष्म ऋतु के पूर्व टंकी सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित किया जा रहा है. इसी कडी में महापौर मधुसूदन यादव ने शहर के सभी पानी टंकियो की सफाई के साथ साथ मोहारा जल संयंत्रगृह के सभी प्लांटो के सीएफएल एवं सम्पवेल की सफाई कराने के निर्देश दिये थे. निर्देश के अनुक्रम में जल संयंत्रगृह के फिल्टर प्लांटो का सीएफएल एवं सम्पवेल की सफाई कराई जा रही है.
फिल्टर प्लांट सफाई के संबंध में निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि महापौर के निर्देशानुसार मोहारा फिल्टर प्लांट के सीएफएल एवं सम्पवेल की सफाई कराई जा रही है. सफाई की कडी में 2 फरवरी को 27 एवं 10 एम.एल.डी. फिल्टर प्लांट का सी.एल.एफ. एवं सम्पवेल सफाई कार्य कराया जाना है. जिसके कारण 27 एवं 10 एम.एल.डी. प्लांट से भरने वाले उच्च स्तरीय जलागार सिंगदई मोहड़ टंकी, लखोली कन्हारपुरी टंकी, कंचनबाग टंकी, टांकाघर नया आर.सी.सी. टंकी, टांकाघर नया टंकी, टांकाघर टंकी, शंकरपुर टंकी, चिखली (दिनदयाल नगर) टंकी, इंदिरा नगर टंकी से 2 फरवरी की शाम पानी सप्लाई बाधित रहेगी. 3 फरवरी मंगलवार सुबह से पेयजल सप्लाई यथावत रहेगी.
सीएफएल एवं सम्पवेल की सफाई के कारण लाख मोहड़, सिंगदई, हल्दी. लखोली, संतोषी नगर, चक्कीपारा, दुर्गाचौक लखोली, संजय नगर, नाका एरिया, कन्हारपुरी संपूर्ण क्षेत्र, सनसिटी एरिया. कंचनबाग टंकी, शिवनाथ कालोनी, केशर नगर, जनता कॉलोनी, राजीव नगर आदि प्रभावित रहेगी.
35 लीटर कच्ची महुआ शराब जब्त
राजनांदगांव. कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब विक्रेताओं के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है. प्रभारी सहायक आयुक्त आबकारी अभिषेक तिवारी ने बताया कि आबकारी विभाग द्वारा ग्राम बरनालाकला नाला के किनारे जंगल में अज्ञात 35 लीटर हाथ भट्टी कच्ची महुआ शराब एवं 1300 किलोग्राम महुआ लाहन जब्त किया गया तथा आबकारी अधिनियम की धारा अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की गई. कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक वृत्त डोंगरगढ़ अनिल कुमार सिंह, आबकारी आरक्षक भोजराज बंजारे व मोहन राव शामिल थे. जिले में अवैध मदिरा विक्रय की रोकथाम के लिए होटल, ढाबों एवं मदिरा दुकानों का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है. सभी वृत्त प्रभारियों को होटल, ढाबों की नियमित जांच करने एवं अवैध मदिरा विक्रय के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए है.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें


