Rajya Sabha Election-2026 Results: 10 राज्यों की 37 सीटों पर हुए राज्यसभा चुनाव का रिजल्ट आ गया है। 37 राज्यसभा सीटों में से एनडीए ने 22 और विपक्ष ने 15 सीटें जीतीं हैं। इस तरह एनडीए को 10 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं, विपक्ष को 10 सीटों का नुकसान हुआ है। पहले एनडीए के पास 12 और विपक्ष के पास 25 सीटें थीं। इन 37 सीटों में से 26 पर प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए थे।
बिहार, हरियाणा और ओडिशा में राज्यसभा की 11 सीटों के लिए हुए चुनाव में हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। क्रॉस वोटिंग के चलते एनडीए ने 9 सीटों पर जीत हासिल की। बिहार में हाईप्रोफाइल ड्रामे के बाद राज्यसभा की पांचों सीटों एनडीए ने क्लीन स्वीप किया। जबकि ओडिशा में बीजेपी ने तीन सीटें जीतीं, तो एक बीजेडी के खाते में गई। हरियाणा में राज्यसभा की दो सीटों पर सोमवार को बड़े ही नाटकीय घटनाक्रम के साथ हुए चुनाव में एक सीट बीजेपी और दूसरी सीट कांग्रेस ने जीत ली।

सोमवार रात घोषित परिणामों के अनुसार, एनडीए ने 9 सीट जीतीं, जिनमें एक उसके द्वारा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल है। जबकि बीजेडी ने एक सीट हासिल की। हरियाणा की दो सीट पर मतगणना में अनियमितताओं के आरोपों के कारण देरी हुई है। देर रात आए नतीजों में कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध और बीजेपी के संजय भाटिया ने जीत दर्ज की।
एनडीए ने बिहार की सभी पांच सीटें जीतीं
बिहार से राज्यसभा की 5 सीटों के चुनाव में हार्स ट्रेडिंग में एनडीए ने महागठबंधन को मात दे दी। RJD के एडी सिंह चुनाव हार गए। एनडीए के सभी 5 उम्मीदवार चुनाव जीत गए। इनमें JUD के राष्ट्रीय अध्यक्ष सीएम नीतीश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अध्यक्ष नितिन नवीन, रालोमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा, केन्द्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा के शिवेश राम शामिल हैं। जबकि RJD दोपहर तक अपने उम्मीदवार के जीतने की दावेदारी कर रही थी।
राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) नेता तेजस्वी यादव ने दावा किया कि उन्हें ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के पांच विधायकों और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक विधायक का समर्थन मिला है। हालांकि शाम 4 बजे मतदान खत्म होने के समय तक कांग्रेस के 3 और RJD के 1 विधायक महागठबंधन उम्मीदवार को वोट देने नहीं पहुंचे।
हरियाणा: 5 विधायकों की क्रॉस वोटिंग के बाद कांग्रेस दूसरी सीट जीत गई
हरियाणा में राज्यसभा की 2 सीटों के लिए नतीजा वोटिंग के करीब 9 घंटे बाद आधी रात को 1 बजे जारी हुआ। भाजपा के संजय भाटिया और कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध ने जीत हासिल की है। भाजपा समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार सतीश नांदल को हार का सामना करना पड़ा। चुनाव में 90 विधायकों के वोट थे, जिनमें से इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के 2 विधायकों ने वोट नहीं डाला। कांग्रेस के 4 और भाजपा का 1 वोट रद्द हो गया, जिसके चलते 83 वोट वैध माने गए।

भाजपा के 48 वोट थे। एक वोट रद्द हो गया। पहली प्राथमिकता में वाले वोट भाटिया को 39 और नांदल को 8 मिले। कांग्रेस के 37 विधायक थे। 4 वोट रद्द हो गए। 5 ने क्रॉस वोटिंग की। ऐसे में 28 वोट बचे। संजय भाटिया को पहली प्राथमिकता के 27.66 वोट मिले। निर्दलीय नांदल को 27.34 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के कर्मवीर बौद्ध को 28 वोट मिले। इस प्रकार, नांदल, बौद्ध से केवल 0.66 वोट, यानी एक वोट से भी कम अंतर से हार गए।
ओडिशा में बीजेपी ने तीन सीटें जीतीं
ओडिशा की चार सीट के लिए हुए चुनाव में कुल पांच उम्मीदवार मैदान में थे. क्रॉस-वोटिंग के बीच बीजेपी ने तीन सीट जीतीं। कम से कम पांच विधायकों ने बीजेपी समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार दिलीप राय के पक्ष में मतदान किया। इन विधायकों में तीन कांग्रेस और दो बीजू जनता दल (बीजेडी) के हैं। चुने गए उम्मीदवारों में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन सामल, मौजूदा राज्यसभा सदस्य सुजीत कुमार, बीजद के संतृप्त मिश्रा और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिलीप राय शामिल हैं। कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) समर्थित बीजेडी उम्मीदवार प्रख्यात डॉ. दत्तेश्वर होता 5वें उम्मीदवार थे।
इन राज्यों में निर्विरोध चुनाव
महाराष्ट्र में सभी सात उम्मीदवार-छह महायुति गठबंधन से और विपक्षी महा विकास आघाडी के शरद पवार निर्विरोध चुने गए। वहीं पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के चार और बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राहुल सिन्हा निर्विरोध चुने गए। तेलंगाना में कांग्रेस के अभिषेक सिंघवी और वेम नरेंद्र रेड्डी निर्विरोध निर्वाचित हुए। तमिलनाडु में छह उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए, जिनमें ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कषगम (एआईडीएमके), पीएमके, डीएमके और कांग्रेस के उम्मीदवार शामिल हैं। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के करीबी कांग्रेस उम्मीदवार अनुराग शर्मा निर्वाचित हुए।
यह भी पढ़ेंः- ‘एक मूर्ख की वजह से देश इतना नुकसान नहीं झेल सकता…,’ किरेन रिजिजू का राहुल गांधी पर करारा वार, बोले- अब हर बिल पास कराएगी सरकार
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

