Sudeep Gharami out on 299 runs: क्रिकेट का फॉर्मेट कोई भी हो…तिहरा शतक लगाना हमेशा खास होता है, लेकिन जरा सोचिए कोई बल्लेबाज 299 रनों पर आकर आउट हो जाए और वो 1 रन से ट्रिपल सेंचुरी मिस कर दे तो उस पर क्या बीतेगी? ये हर क्रिकेटर के लिए दिल तोड़ने वाला रहेगा. 9 फरवरी 2026 के दिन ये दर्द झेला है बंगाल के कप्तान सुदीप कुमार घरामी ने, जो इन दिनों रणजी ट्रॉफी 2025-26 में कमाल की बैटिंग कर रहे हैं. वो बंगाल बनाम आंध्र प्रदेश के बीच खेले जा रहे तीसरे क्वार्टर-फाइनल की पहली पारी में 299 रनों पर क्लीन बोल्ड हो गए और तिहरा शतक पूरा करने का सपना टूट गया.
दरअसल, बंगाल और आंध्र प्रदेश के बीच बंगाल क्रिकेट अकादमी ग्राउंड, कल्याणी में रणजी ट्रॉफी का तीसरा क्वार्टर फाइनल चल रहा है. बंगाल ने पहली पारी में 199.1 ओवर खेलकर 629 रन बनाए. टीम के लिए ओपनर सुदीप कुमार घरामी ने 596 बॉल पर 31 चौके और 6 छक्कों की मदद से 299 रन बनाए. उन्हें शेख रशीद ने क्लीन बोल्ड किया और तिहरा शतक पूरा करने का सपना तोड़ दिया.
299 रनों पर आउट होने वाले सुदीप के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम हुआ. रणजी ट्रॉफी में यह पहला मौका है जब कोई बल्लेबाज 299 रनों पर आउट हो गया. इससे पहले ये दर्द किसी को नहीं मिला था. साल 1988-89 में महाराष्ट्र के शांतनु सुगवेकर एमपी टीम के खिलाफ 299 रनों पर नाबाद रहे थे, लेकिन वो आउट नहीं हुए थे. सुदीप आउट होने के बाद बेहद निराश दिखे, क्योंकि वो इतिहास रचने की दहलीज पर थे.
कैसे 299 रनों तक पहुंचे थे सुदीप?
सुदीप ने 96 बॉल पर फिफ्टी पूरी की थी. फिर 157 बॉल पर शतक बनाया. 270 बॉल खेलकर 150 रनों पर पहुंचे. फिर 415 गेंदों में डबल सेंचुरी पूरी कर ली. ये पहला मौका है जब सुदीप ने रणजी ट्रॉफी में दोहरा शतक ठोका. 596 गेंदों में उनकी पारी खत्म हुई. वो तिहरा शतक पूरा करने से सिर्फ 1 रन दूर रह गए. ये रणजी ट्रॉफी करियर में उनकी सबसे बड़ी पारी है.
इस सीजन 651 रन बना चुके हैं सुदीप
इस सीजन में सुदीप के बल्ले ने तबाही मचाई है. वो बंगाल के लिए रनों की बारिश कर रहे हैं. इस सीजन उन्होंने 12 पारियों में 54.25 की औसत से 651 रन किए हैं, जिनमें 2 शतक और 3 फिफ्टी भी शामिल हैं. गौर करने वाली बात ये है कि इस सीजन अब तक कोई भी बैटर 300 रन नहीं बना पाया था, ऐसे में सुदीप के पास इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने का मौका था, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


