बिलासपुर. चैत्र नवरात्रि की सप्तमी तिथि की रात रतनपुर मां महामाया के दर्शनों हेतु हजारों पदयात्रियों और श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा. पदयात्रियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए प्रशासन और पुलिस ने विशेष इंतजाम किए हैं. पदयात्रा के दौरान और मंदिर दर्शन के दौरान हुडदंगियों पर ड्रोन कैमरे से निगरानी रखी जाएगी और किसी भी प्रकार की शांति भंग की स्थिति में पुलिस तत्काल सख्त कार्रवाई करेगी. 

ड्रोन और सीसीटीवी से सुरक्षा के इंतेजाम

रतनपुर थाना प्रभारी अंशिका जैन ने बताया कि नवरात्रि पर्व पर भीड़ को देखते हुए इस बार हाईटेक तरीके से सुरक्षा व्यवस्था अपनी जा रही है. संदिग्ध गतिविधियों और हुडदंगियों पर हर पल ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. गैर कानूनी गतिविधियों को रोकने के लिए संदिग्ध वाहनों की भी जांच की जाएगी. प्रशिक्षु आईपीएस अंशिका जैन ने बताया कि थाने के बल के अलावा अतिरिक्त पुलिस बल भी सुरक्षा व्यवस्था बनाने के लिए लगाया गया है.

भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक, स्पेशल ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक मैनेजमेंट का विशेष प्लान लागू किया जाता है. भारी और मध्यम वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाता है. वहीं विभिन्न मार्गों पर वाहनों को डायवर्ट किया जाता है. संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और पेट्रोलिंग टीम लगातार सक्रिय रहती है.

साथ ही बिना नंबर प्लेट, तीन सवारी और मॉडिफाइड साइलेंसर वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाता है. नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई के लिए जगह-जगह ब्रीथ एनालाइजर के साथ पुलिस टीम तैनात रहती है.

पदयात्रियों के लिए विशेष सुविधा और सुरक्षा

पदयात्रियों की सुरक्षा के लिए पूरे मार्ग में पुलिस की निगरानी बढ़ाई जाती है. जगह-जगह पेयजल, चिकित्सा सहायता और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की जाती है. आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस, फिक्स प्वाइंट और क्यूआरटी (क्विक रिस्पांस टीम) को भी अलर्ट रखा जाता है.

मंदिर परिसर में सुव्यवस्थित दर्शन

मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए बैरिकेडिंग की जाती है. स्वयंसेवक लगातार श्रद्धालुओं का मार्गदर्शन करते हैं, जिससे भीड़ के बावजूद व्यवस्था नियंत्रित बनी रहती है.