Yash Dayal Shweta Pundir Marriage: आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले तेज गेंदबाज यश दयाल ने अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू कर दी है। उन्होंने कंटेंट क्रिएटर श्वेता पुंडीर के साथ शादी रचा ली है। दोनों ने 4 फरवरी को नोएडा में एक निजी समारोह में सात फेरे लिए, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य और कुछ खास दोस्त ही शामिल हुए। शादी की खबर काफी समय तक गोपनीय रखी गई थी, लेकिन अब समारोह की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं।
बताया जा रहा है कि शादी पूरी तरह निजी तरीके से आयोजित की गई थी। इस दौरान दोनों परिवारों के चुनिंदा लोग ही मौजूद रहे। शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद फैंस भी इस जोड़ी को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
हालांकि पिछले साल यश दयाल का नाम विवादों में भी रहा था। उन पर जयपुर की एक नाबालिग से जुड़े मामले में आरोप लगे थे, जिसमें सांगानेर सदर थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। वहीं गाजियाबाद की एक महिला ने भी उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण का आरोप लगाया था।
जानें कौन हैं श्वेता पुंडीर ?

वहीं श्वेता पुंडीर की बात करें तो वह एक लोकप्रिय सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 6 लाख फॉलोअर्स हैं। वह दिल्ली की रहने वाली हैं और इससे पहले इंटरकॉन्टिनेंटल लीजेंड्स लीग के दौरान ब्रॉडकास्टर्स के साथ भी काम कर चुकी हैं। अपने इंस्टाग्राम बायो में वह खुद को आर्टिस्ट, कंटेंट क्रिएटर और व्लॉगर बताती हैं।
क्रिकेट करियर की बात करें तो यश दयाल आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें इस सीजन के लिए 5 करोड़ रुपये में रिटेन किया है। उन्होंने साल 2022 में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हुए आईपीएल डेब्यू किया था। 2023 में रिंकू सिंह ने उनके एक ओवर में लगातार पांच छक्के लगाए थे, जिसके बाद वह काफी चर्चा में आ गए थे। हालांकि अगले सीजन में उन्होंने शानदार वापसी करते हुए आरसीबी के लिए बेहतरीन प्रदर्शन किया।
इसके अलावा साल 2024 में उन्हें बांग्लादेश के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज के लिए टीम इंडिया में भी चुना गया था, हालांकि उन्हें डेब्यू का मौका नहीं मिल सका।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

