वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने राजगीर अंचल कार्यालय में तैनात एक राजस्व कर्मचारी को 45 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई जमीन के दस्तावेजों में परिमार्जन के नाम पर चल रहे घूसखोरी के खेल का पर्दाफाश मानी जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अखिलेश साह के रूप में हुई है। मामले में राजगीर अंचल कार्यालय के इस कर्मचारी पर आरोप है कि वह जमीन परिमार्जन के एवज में लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। दरअसल छबीलापुर थाना क्षेत्र के रटना गांव निवासी राजीव कुमार ने इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। सत्यापन में आरोप सही पाए जाने के बाद 2 फरवरी को एफआईआर दर्ज की गई।

इसके बाद डीएसपी अखिलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित हुई। मंगलवार को टीम ने छबीलापुर रोड स्थित लेदुवा पुल के पास जाल बिछाकर आरोपी को रिश्वत लेते समय धर दबोचा। निगरानी ब्यूरो के अनुसार 2026 में अब तक भ्रष्टाचार के 14 मामले दर्ज हो चुके हैं। यह कार्रवाई इस वर्ष का 11वां–12वां ट्रैप केस है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा।

ये भी पढ़ें- Bihar Weather Report: बिहार में मौसम के लुका-छिपी का खेल जारी, विभाग ने 25 जिलों के लिए जारी किया अलर्ट