Rising Rajasthan Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जयपुर में आयोजित राइजिंग राजस्थान ग्लोबल समिट का उद्घाटन किया। तीन दिन तक चलने वाले इस सम्मेलन की शुरुआत करते हुए पीएम मोदी ने राजस्थान में निवेश की प्रचुर संभावनाओं और इसके उभरते विकास पर जोर दिया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “राजस्थान अपने गतिशील लोगों के लिए जाना जाता है। यहां के लोगों में उद्यमशीलता की भावना है और राज्य में विकास की अपार संभावनाएं हैं।”
‘राजस्थान का विकास, देश की प्रगति का आधार’
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “जब राजस्थान नई ऊंचाइयों को छुएगा, तो इसका असर पूरे देश पर पड़ेगा।” उन्होंने पिछली सरकारों की आलोचना करते हुए कहा कि राजस्थान को विकास की अपार संभावनाओं के बावजूद उचित लाभ नहीं मिला। पीएम ने कहा, “आजादी के बाद की सरकारों की प्राथमिकताएं राज्य के विकास में बाधक बनीं। हमारी सरकार विकास और विरासत दोनों को प्राथमिकता देते हुए काम कर रही है।”

‘राजस्थान के लोग दिल से बड़े हैं’
प्रधानमंत्री ने राजस्थान के लोगों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग मेहनती, ईमानदार और चुनौतियों का सामना करने की अद्भुत क्षमता रखते हैं। उन्होंने कहा, “राजस्थान का क्षेत्रफल ही नहीं, यहां के लोगों का दिल भी बड़ा है। राष्ट्र को सर्वोपरि मानने की भावना इस राज्य के हर कण में बसती है।”
निवेश और विकास के लिए राजस्थान तैयार
पीएम मोदी ने राजस्थान की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा, “यहां नैचुरल रिसोर्सेज, आधुनिक कनेक्टिविटी, समृद्ध विरासत और समर्थ युवाशक्ति है। रोड से लेकर रेलवे तक, हॉस्पिटैलिटी से हैंडीक्राफ्ट तक, और फार्म से लेकर फोर्ट तक – राजस्थान निवेश के लिए एक आकर्षक स्थान बन गया है।”
भजनलाल सरकार की प्रशंसा
प्रधानमंत्री ने राज्य की भजनलाल सरकार की नीतियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “भजनलाल जी की नीतियों ने राजस्थान को निवेश के लिए आकर्षक बनाया है। विकास कार्य तेज गति से हो रहे हैं और अपराध व भ्रष्टाचार पर नियंत्रण में सरकार ने तत्परता दिखाई है।”
राजस्थान की क्षमता को पहचानें
पीएम मोदी ने कहा, “राजस्थान की वास्तविक क्षमता को समझना और उसे साकार करना बेहद जरूरी है। राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और संसाधनों का उपयोग कर इसे और ऊंचाइयों पर ले जाया जा सकता है।”
प्रधानमंत्री का यह दौरा राजस्थान के विकास और निवेश के लिए नए अवसरों का द्वार खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
पढ़ें ये खबरें
- Chaitra Navratri 2026 : आप भी करने वाले हैं नौ दिनों का व्रत, तो एनर्जी बनाएं रखने इस तरह से रखें अपना ख्याल …
- मॉब लिंचिंग कांड : पुलिस की चूक पर हाईकोर्ट सख्त, DGP से मांगी विभागीय जांच रिपोर्ट, जानिए पूरा मामला…
- पूर्व CM एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने ‘कैबिनेट रैंक’ खत्म के फैसले पर CM सुक्खू को आड़े हाथों लिया, कहा- सरकारी खजाना अपने ‘खास मित्रों’ में लुटाया
- पटना में स्मैक पार्टी के दौरान चली गोली, खुद के हथियार से घायल हुआ युवक, दोस्तों ने अस्पताल में कराया था एडमिट
- छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर, अलग-अलग सड़क हादसे में स्कूली छात्र समेत 5 की मौत…

