Bihar News: बिहार में बजट सत्र का दौर जारी है। इस बीच विपक्ष के सदस्यों ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और महिलाओं के खिलाफ बढ़ते दुष्कर्म के मामलों को लेकर सरकार से सदन में चर्चा की मांग की है। इसे लेकर विपक्षी सदस्यों ने सदन के बाहर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारे भी लगाए।

बिहार में महाजंगल राज- भाई वीरेंद्र

इस बीच सदन के बाहर मीडिया से बातचीत में राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि, बिहार में कानून का राज साफ खत्म हो गया है और जब तक भाजपा सरकार में रहेगी कभी भी यहां कानून का राज स्थापित नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि, बिहार में महाजंगल राज है, जनता ने जो वोट दिया उसमें महागठबंधन को मैंडेट दिया था। लेकिन वोट चोरी होने के कारण हम लोग चुनाव हार गए। लेकिन फिर भी हम लोग विपक्ष की भूमिका अदा कर रहे हैं और लगातार सरकार की गलत निर्णय का विरोध कर रहे हैं लेकिन सरकार सुन नहीं रही है।

भाई वीरेंद्र ने कहा कि, विभागों में ग्लोबल टेंडर करके सरकार ने कई छोटे ठेकेदार को बेरोजगार कर दिया है और इसीलिए हम लोग नहीं चाहते हैं कि विभाग के कार्य ग्लोबल टेंडर के द्वारा हो। निश्चित तौर पर सरकार को इस पर सोचना होगा।

सरकार को देना होगा जवाब- रणविजय साहू

वहीं, राजद विधायक रणविजय साहू ने भी सरकार पर निशाना साधा और कहा कि, विपक्ष के सवालों का जवाब सदन के अंदर सरकार नहीं देती है। अपराध के मुद्दे पर सरकार चुप है। राजधानी पटना में लगातार अपराधी गोली चला रहे हैं। हत्या का दौर जारी है। पुलिस को घटना होने के बाद पता चलता है

उन्होंने कहा कि, घटनास्थल पर पुलिस नहीं पहुंचती है और थाने से बैठकर कुछ से कुछ बयान देकर अपराध पर पर्दा डालती है। राजद विधायक ने कहा कि, सरकार को सदन में जवाब देना चाहिए। उसे बताना होगा कि सत्ता के संरक्षण में बड़े-बड़े आपराधिक घटना कब तक होती रहेगी।

ये भी पढे़ं- ‘राहुल के नेतृत्व में भारत के नक्शे से गायब हो जाएगी कांग्रेस’, बीजेपी नेता दिलीप जायसवाल का बड़ा बयान, TMC को दी यह सलाह