Bihar Politics: बिहार में एक तरफ विधानमंडल का सत्र जारी है। वहीं, दूसरी तरफ लालू परिवार में फिर से तनाव बढ़ता हुआ दिख रहा है। दरअसल कल रविवार को राजद सुप्रीमो के बड़े बेटे और जजद अध्यक्ष तेजप्रताप यादव ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राजद में शामिल ‘जयचंदों’ के नाम का खुलासा किया था, जिसमें से एक नाम राबड़ी देवी के मुंह बोले भाई और राजद एमएलसी सुनील कुमार सिंह का भी था।

उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता- सुनील सिंह

इस बीच विधानसभा पहुंचे राजद एमएलसी सुनील सिंह ने तेज प्रताप यादव द्वारा खुद को जयचंद बताए जाने पर प्रतिक्रिया दी है। सुनील कुमार ने कहा कि, तेजप्रताप जी बहुत जिम्मेदार पदों पर रहे हैं फिर भी उनकी बातों को लोग गंभीरता से नहीं लेते हैं। वो कब क्या कह दें कोई नहीं जानता। लड़कर फिर उसी के साथ हो जाएंगे।

सुनील सिंह ने आगे कहा कि, जगदानंद जी पर हत्या करवाने का आरोप लगाया था। हमारे अभिभावक लालू जी के वो बड़े बेटे हैं, उनके बचकाने बयान पर मैं कुछ नहीं बोलना चाहता हूं।

तेज प्रताप ने बताए थे 5 जयचंदों के नाम

दरअसल जिस अनुष्का यादव के साथ तेज प्रताप यादव की शादी की तस्वीरें और वीडियो वायरल हुई थी। उसने एक बच्चे को जन्म दिया है। जिसपर कहा जा रहा है कि यह बच्चा तेज प्रताप यादव का है। कल रविवार को इस मामले पर प्रेस-कॉन्फ्रेंस करते हुए तेज प्रताप यादव ने कहा कि, उनका अनुष्का यादव से अब कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने इस पूरे प्रकरण को उन्हें बदनाम करने की एक गहरी साजिश करार दिया।

तेज प्रताप ने आरोप लगाया कि कुछ जयचंद उनके राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन को बर्बाद करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने कहा, यह संबंध मुझ पर थोपा गया है। मैं इस रिश्ते को पूरी तरह खारिज करता हूं। उन्होंने अपनी जान को खतरा बताते हुए पांच लोगों के नामों का खुलासा किया, जिन्हें उन्होंने जयचंद की संज्ञा दी। उन्होंने दावा किया कि पूर्व विधायक मुकेश रौशन इस गिरोह का संचालन कर रहे हैं और उनकी हत्या कराना चाहते हैं। उनके अनुसार, इन पांच लोगों ने उन्हें मानसिक प्रताड़ना दी है:
​मुकेश रौशन
​संजय यादव
​रमीज
​शक्ति सिंह
​सुनील सिंह
​उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि इन लोगों की वजह से वे गहरे डिप्रेशन में चले गए थे और एक समय उनके मन में फांसी लगाने तक के विचार आने लगे थे। गौरतलब है कि इस मामले के सामने आने के बाद राजद सुप्रीमो लालू यादव ने तेज प्रताप यादव को पार्टी और परिवार से 6 साल के लिए बाहर निकाल दिया था।

ये भी पढ़ें- कांग्रेस विधायक अभिषेक रंजन ने बताई पप्पू यादव के गिरफ्तारी की असली वजह! राजद विधायक ने की राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग