कुंदन कुमार/ पटना। बिहार की राजनीति में मचे घमासान के बीच राजद के राष्ट्रीय प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और जनता दल यूनाइटेड (JDU) को राजनीतिक रूप से समाप्त करने का अपना लक्ष्य पूरा कर लिया है।
नीतीश कुमार को खत्म करने का मास्टरप्लान
शक्ति सिंह यादव ने सीधे तौर पर कहा कि भाजपा ने नीतीश कुमार को पूरी तरह से अप्रासंगिक बनाने का मन पहले ही बना लिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार को राज्यसभा भेजना और अब उन्हें दिल्ली ले जाना इसी सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है। उनके अनुसार, जेडीयू के भीतर ही कुछ ऐसे नेता मौजूद थे जो भाजपा के इशारे पर काम कर रहे थे और पार्टी को भीतर से खोखला करने के ‘मिशन’ में लगे थे, जिसमें वे अब सफल हो गए हैं।
भ्रष्टाचार और तानाशाही का नया दौर
राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए प्रवक्ता ने कहा कि बिहार में अपराध और भ्रष्टाचार चरम पर है, जिसे सीधे तौर पर भाजपा के नेताओं का संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिहार में भाजपा का मुख्यमंत्री बनता है, तो राज्य में भी वैसी ही तानाशाही देखने को मिलेगी जैसी वर्तमान में पूरे देश में महसूस की जा रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र के लिए एक बड़ा खतरा बताया।
जनता के साथ विश्वासघात
शक्ति सिंह यादव ने भावुक होते हुए कहा कि बिहार की जनता ने जिस भरोसे के साथ मतदान किया था, उसे जेडीयू के भीतर छिपे भाजपाई एजेंटों ने तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अब बिहार की जनता ‘भगवान भरोसे’ है। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि जेडीयू के जमीनी कार्यकर्ता इस बात से आहत हैं कि उनके नेता को क्यों हटाया जा रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में जनता उन चेहरों को बेनकाब करेगी जिन्होंने भाजपा के इशारे पर बिहार के जनादेश के साथ खिलवाड़ किया है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

