रोहित कश्यप, मुंगेली। रास्ता रोककर हत्या का प्रयास एवं लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर मुंगेली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में की गई त्वरित कार्रवाई के तहत आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

यह भी पढ़ें : होली पर अंबेडकर अस्पताल में 24 घंटे जारी रहेगी इमरजेंसी सेवा, अधीक्षक ने मेडिकल स्टाफ के लिए जारी किए विशेष निर्देश

प्रार्थी झाफल थाना लोरमी निवासी ताम्रज सिंह (21 वर्ष) ने बताया कि 2 मार्च की रात करीब 3:30 बजे मोटरसाइकिल (CG 28 U 7390) से रायपुर के लिए निकला था. सुबह लगभग 4:15 बजे मुंगेली-लोरमी तिराहा के पास तीन युवकों ने उसे रोक लिया था.

आरोपियों ने उसके गले से सोने का लॉकेट लूटने के साथ मोटरसाइकिल की हेडलाइट तोड़ते हुए गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी. इस बीच एक आरोपी ने गला दबाकर जमीन पर गिरा दिया, जबकि दूसरा साथी घटना का वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दे रहा था. मौके से पीड़ित किसी तरह अपनी जान बचाकर भागा.

ऐसे हुई आरोपियों की पहचान

थाना सिटी कोतवाली मुंगेली में अपराध क्रमांक 88/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1), 309(4), 126(2), 324(4), 296, 351(3), 3(5) के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई. मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा एवं मयंक तिवारी के मार्गदर्शन में साइबर सेल और सिटी कोतवाली की संयुक्त टीम गठित की गई.

सीसीटीवी कैमरों की ली मदद

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग द्वारा तैयार “त्रिनयन एप्लिकेशन” में दर्ज सीसीटीवी कैमरों की मदद से घटना स्थल के आसपास के फुटेज खंगाले गए. तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर सूचना के आधार पर तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया गया.

आरोपियों ने बरामद हुआ सामान

मामले में आरोपी केशवपुर, मुंगेली निवासी आशीष शिवारे (29), यशवंत रावते (27) और महामाई वार्ड, सोनारपारा, मुंगेली निवासी देवेश सोनी (24) ने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया. पुलिस ने यशवंत रावते से एक मोबाइल फोन तथा देवेश सोनी से “ऊं” लिखा सोने का लॉकेट बरामद किया है.