Bihar Politics: असम में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी तेज है। असम सीएम हेमंत बिस्वा सरमा कांग्रेस नेता पवन खेड़ा, मल्लिकार्जुन खरगे समेत राहुला गांधी पर लगातार हमलावर हैं। इस दौरान वह मीडिया में बयान देते हुए कुछ ऐसे शब्दों को जिक्र भी कर रहे हैं, जिसे लिखा जाना भी उचित नहीं है। हेमंत सरमा के इन बयानों पर लालू यादव की बेटी रोहिणी यादव ने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

हेमंत सरमा की मानसिक स्थिति पर उठाया सवाल

रोहिणी आचार्य ने आज बुधवार (8 अप्रैल) को एक लंबा चौड़ा पोस्ट करते हुए लिखा कि, साक्ष्यों-दस्तावेजों के साथ लगे आरोपों पर मर्यादित, तथ्यपरक एवं तार्किक जवाब देने की बजाए पवन खेड़ा जी के लिए गाली- गलौज की भाषा, वरिष्ठ मल्लिकार्जुन खड़गे जी के लिए अपशब्दों का प्रयोग, असम विधानसभा चुनाव में संभावित हार की बौखलाहट है या फिर असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा जी मानसिक विक्षिप्तता की अवस्था में हैं?

ग्रसित और संक्रमित हैं भाजपाई- रोहिणी

रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि, वैसे ये तो जगजाहिर है कि भाषाई मर्यादा का उल्लंघन भाजपा की वो कुसंस्कृति, वो संक्रमण है, जिससे प्रधानमंत्री, गृहमंत्री के साथ-साथ खुद के संस्कारी होने का दावा करने वाला हरेक बड़ा-छोटा भाजपाई ग्रसित व् संक्रमित हैं। उन्होंने कहा कि, सैंकड़ों ऐसे वाकये हैं, जब इन लोगों ने वैसी भाषा का इस्तेमाल विपक्ष के नेताओं के लिए किया है, जिसके लिए एक सभ्य समाज एवं लोकतांत्रिक व्यवस्था में कोई जगह नहीं है।

अमित शाह पर भी साधा निशाना

रोहिणी आचार्य ने बताया कि, हालही में संसद में अपने वक्तव्य के दौरान गृहमंत्री के द्वारा बोला गया एक बेहद ही अभद्र शब्द अभी देश भूला भी नहीं था कि अब हेमंत बिस्वा सरमा लगातार अपना आपा खोते हुए अपनी ओछी, मवालियों सरीखी भाषा से पूरे देश व् देश की राजनीति के लिए शर्म का विषय बने हुए हैं।

जानें क्यों हमलावर हैं हेमंत सरमा?

दरअसल पवन खेड़ा ने कुछ दिन पहले दिल्ली और गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने यह दावा किया था कि सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी रिनिकी भुयान शर्मा के पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हैं। पवन खेड़ा के मुताबिक, असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा की पत्नी के पास UAE, मिस्र और एंटीगुआ और बारबुडा के पासपोर्ट हैं। दुबई में उनकी प्रॉपर्टी हैं और व्योमिंग (अमेरिका) में उनकी एक कंपनी है।

पवन खेड़ा के खिलाफ शिकायत दर्ज

पवन खेड़ा द्वारा लगाए जा रहे इन आरोपों के बाद से हिमंत बिस्वा सरमा लगातार पवन खेड़ा और कांग्रेस नेताओं पर हमलावर हैं और लगातार कड़े और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए बयान दे रहे हैं। वहीं, रिनिकी भुयान शर्मा ने 5 अप्रैल की देर रात पनबाजार पुलिस स्टेशन (गुवाहाटी) में शिकायत दर्ज कराई थी। इस सिलसिले में कल मंगलवार को असम पुलिस दिल्ली स्थित पवन खेड़ा के आवास पर छापेमारी करने भी पहुंची थी।

ये भी पढ़ें- ‘अल्पसंख्यक समाज की पहली पसंद तेजस्वी यादव’, सम्मान समारोह के जरिए कार्यकर्ताओं में जोश भरने की तैयारी