Bihar Politics: बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। दरअसल सीएम नीतीश कुमार दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। कल 10 अप्रैल को वह राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इस शपथ समारोह में जदयू के कई बड़े नेता भी शामिल होंगे।जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने यह संकेत दिया है कि खरमास बाद (14 अप्रैल के बाद) बिहार में नई सरकार का गठन किया जाएगा।

‘बन कर भीगी बिल्ली, चाचा चले गए दिल्ली’

सीएम नीतीश के दिल्ली रवाना होने से यह साफ हो गया है कि अगले कुछ दिनों बिहार को नया मुखिया मिलने जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री के दिल्ली रवाना होने पर लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने तीखा तंज कसा है। रोहिणी ने सीएम नीतीश की एक तस्वीर को शेयर करते हुए लिखा कि, बन कर भीगी बिल्ली , चाचा चले गए आज दिल्ली।

रोहिणी आचार्य ने आगे लिखा कि सही कहा गया है। ‘मौकापरस्ती और धोखा बिना भुगतान के पीछा नहीं छोड़ते’ भुगतना पड़ गया ना चाचा जी। एक- दो दिन में छिन जाएगी कुर्सी और टूट जाएगा नाता सियासत-ए-बिहार से, काश आप रह पाते बिना पलटीमार के। ऐसे में अब यह देखने वाली बात होगी की रोहिणी के इस तंज पर जदयू की ओर से क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

सम्राट हो सकते हैं बिहार के अगले ‘चौधरी’

नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और सीएम की कुर्सी छोड़ने के बाद बिहार की सियासत में बड़ा परिवर्तन देखने को मिल सकता है। बिहार की राजनीति में जहां, पहली बार बीजेपी का मुख्यमंत्री पद पर कब्जा होने की उम्मीद है। वहीं, डिप्टी सीएम पद जदयू के खाते में आ सकता है। सूत्रों की मानें तो सम्राट चौधरी बिहार के अगले मुख्यमंत्री हो सकते हैं। वहीं, जदयू से कोई नेता डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। हालांकि गृह विभाग किसके पास होता है। यह देखना भी दिलचस्प होगा, जो अभी डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पास है। जदयू की नजर उसपर जरूर होगी।

निशांत को सीएम बनाने की मांग

सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार हालही में जदयू में शामिल हुए हैं। पार्टी में शामिल होने के बाद से वह लगातार एक्टवि नजर आ रहे हैं। इस दौरान वह मीडिया से भी मुखातिब हो रहे हैं और अपनी बातों को सामने रख रहे हैं। नीतीश के एमएलसी पद से इस्तीफा देने के बाद जदयू के कई नेताओं ने खुलकर निशांत कुमार को बिहार का सीएम बनाने की मांग की है।

सीएम नीतीश आज शाम को दिल्ली में जेडीयू राष्ट्रीय परिषद और कार्यकारिणी के नेताओं के साथ बैठक भी करने वाले हैं। कहा जा रहा है कि इस बैठक में पार्टी के भविष्य और निशांत कुमार की भूमिका पर अंतिम मुहर लग सकती है।

ये भी पढ़ें- अररिया का फारबिसगंज बना ल्यारी! हत्या के बाद कटा सिर लेकर घूमता रहा आरोपी, गुस्से से लाल हुए तेजस्वी