अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले से अपराधियों एवं पुलिस के बीच मुठभेड़ का एक हैरतअंगेज मामला प्रकाश में आया है। घटना जिले के काराकाट थाना क्षेत्र अंतर्गत गोडा़री मुख्य बाजार की है, जहां शनिवार की अहले सुबह करीब तीन बजे भारतीय स्टेट बैंक के एक एटीएम में चोरी के दौरान घटित हुई है।

पुलिस की तत्परता से टली वारदात

घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि शनिवार की सुबह करीब तीन बजे स्कॉर्पियो सवार कुछ अपराधी गोडा़री मुख्य बाजार स्थित एसबीआई के एक एटीएम में चोरी के इरादे से पहुंचे थे। शटर का ताला तोड़कर जब अपराधी एटीएम के अंदर घुसे, तो अचानक अलार्म के माध्यम से इसकी सूचना मुख्यालय तक जा पहुंची। इधर मुख्यालय से सूचना मिलते हीं जब आनन-फानन में काराकाट थाने की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, तो सभी अपराधी फायरिंग करते हुए भाग निकले। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार चोरों ने गैस कटर के माध्यम से एटीएम को लगभग काट लिया था, लेकिन पुलिस की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई।

तीन से चार राउंड हुई फायरिंग

मिली जानकारी के अनुसार अपराधियों ने पुलिस को देखकर तीन से चार राउंड फायरिंग की और एक काली स्कॉर्पियो में सवार होकर भाग खड़े हुए। हालांकि पुलिस को घटनास्थल से सिर्फ एक खोखा बरामद हुआ है और एटीएम काटने वाले कुछ उपकरण व औजार बरामद हुए हैं।

घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम

वहीं घटना की सूचना मिलते हीं वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर एफएसएल टीम मौके पर पहुंच चुकी है और घटनास्थल से सबूत जुटाए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों की माने तो पुलिस को अपराधियों के कुछ चप्पल व कपड़े बरामद हुए हैं, लेकिन आधिकारिक रूप से इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इस संदर्भ में एसपी रौशन कुमार ने कहा कि पूरे मामले की विस्तृत जांच चल रही है और जांच के बाद हीं विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।