अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले में सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादाबाद गांव में बीते 24 मार्च को दिनदहाड़े हुई एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आज बुधवार की शाम तीन फरार अभियुक्तों का घर कुर्क कर दिया है। एक तरफ पुलिस की इस कार्रवाई से जहां पूरे गांव में हड़कंप मच गया, वहीं दूसरी ओर लोग इस कदम की खूब सराहना कर रहे हैं।

सरेआम बीच सड़क हुई थी हत्या

बता दें कि बीते 24 मार्च को मुरादाबाद गांव में जमीन विवाद को लेकर एक व्यक्ति की दिनदहाड़े सड़क पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। वहीं घटना का एक वीडियो भी खूब वायरल हुआ, जिसके बाद रोहतास पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे। हालांकि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन घटना में संलिप्त अन्य आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं।

मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद

कुर्की जब्ती के दौरान बुधवार की शाम गांव में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। न्यायालय के आदेश पर सदर एसडीपीओ दो कुमार वैभव के नेतृत्व में पुलिस ने फरार अभियुक्तों के घरों की कुर्की शुरू की और इस दौरान घर के दरवाजे, खिड़की तथा अन्य कीमती सामानों को जब्त कर लिया गया। वहीं कुर्की के दौरान गांव में भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

अपराधियों को सख्त संदेश

एसडीपीओ कुमार वैभव ने बताया कि पुलिस अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपना रही है। उन्होंने कहा कि घटना में शामिल किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। बताया कि मामले में चार गिरफ्तारियां पहले हीं हो चुकी हैं, लेकिन तीन आरोपियों ने आत्मसमर्पण नहीं किया, जिसके बाद उनके घरों की कुर्की की गई है।

पत्नी ने जहर खाकर की खुदकुशी

दरअसल जमीन के खरीद-बिक्री के मामले में बीते 24 मार्च को दिनदहाड़े कुछ लोगों ने मिलकर हसन रजा खान को सड़क पर घसीटते हुए मौत के घाट उतार दिया था। दुख की बात यह है कि हसन रजा खान की पत्नी भी इस दु:ख से दुखी होकर जहर खाकर खुदकुशी कर ली है तथा उसके दो अबोध बच्चे को भी मां ने जहर खिला दिया था। जिसकी स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। वही इस हत्याकांड में अब तक चार लोगों को पुलिस ने पकड़ा है। जिसमें एक महिला तथा एक नाबालिक बालक भी है। वहीं पुलिस ने आज इस हत्याकांड का आरोपी मिराज बेग तथा पप्पू बेग सहित तीन के घर में कुर्की जब्ती की कार्रवाई की है।

ये भी पढ़ें- दुखद: शादी से 10 दिन पहले सड़क दुर्घटना में युवक की मौत, इकलौते बेटे के निधन से मातम में बदली खुशियां