अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सबको झकझोर कर रख दिया। डेहरी मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (NH-2) पर एक तेज रफ्तार ट्रैवलर और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस हादसे में एक यात्री की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि 19 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

​वाराणसी से दर्शन कर गया जा रहे थे श्रद्धालु

​मिली जानकारी के अनुसार, ट्रैवलर में सवार सभी यात्री तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के रहने वाले हैं। ये सभी श्रद्धालु वाराणसी में दर्शन पूजन करने के बाद गया (बिहार) स्थित मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। गुरुवार तड़के जब उनकी गाड़ी NH-2 पर पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक ट्रक के साथ सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैवलर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

​मृतक की पहचान और घायलों का हाल

​हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान तमिलनाडु निवासी रामो के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की सहायता से रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। सभी 19 घायलों को तत्काल नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (NMCH) में भर्ती कराया गया।
​अस्पताल के डॉक्टर जितेंद्र कुमार ने बताया कि घायलों का उपचार जारी है। राहत की बात यह है कि फिलहाल सभी 19 मरीजों की स्थिति स्थिर और खतरे से बाहर बताई जा रही है।

​पुलिस की कार्रवाई

​पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। ट्रक और ट्रैवलर को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि दुर्घटना का मुख्य कारण ड्राइवर को झपकी आना था या कोहरा।