अविनाश श्रीवास्तव/रोहतास। जिले में रविवार की अहले सुबह एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। रोहतास से पटना जा रही एक ट्रैवलर बस बंजारी सीमेंट फैक्ट्री के समीप एक डंपर से टकरा गई। इस टक्कर में एक महिला यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बस में सवार दर्जनों लोग घायल हो गए।

​तड़के तीन बजे हुआ हादसा

​प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 3:00 बजे हुआ। रोहतास बाजार से खुलकर पटना की ओर जा रही ट्रैवलर बस जैसे ही बंजारी सीमेंट फैक्ट्री के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भयानक थी कि ट्रैवलर बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।

​मृतिका की हुई पहचान

​इस हादसे में जान गंवाने वाली महिला की पहचान बेगूसराय जिले के बरौनी निवासी गौरी देवी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोहतास में अपने पुत्र (जो पेशे से अमीन हैं) के साथ किराए के मकान में रहती थीं। हादसे में एक अन्य महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

​लापरवाही पर फूटा गुस्सा

​घटना के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि तोराब नियाजी ने गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि सीमेंट फैक्ट्री से निकलने वाले ट्रक और डंपर यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाते हैं, जिससे यह क्षेत्र डेंजर जोन बन गया है।

​पुलिस की कार्रवाई

​सूचना मिलते ही रोहतास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और फरार डंपर चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।