अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। रोहतास जिले में मंगलवार को तीन अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कुल सात लोग घायल बताए जाते हैं। हालांकि इन सड़क हादसों में घायल कई लोगों की स्थिति गंभीर बनी हुई है, वहीं कुछ लोगों को हल्की-फुल्की चोटें आईं हैं।
टेंपो और बाइक में हुई जोरदार भिड़ंत
पहली घटना डेहरी बिक्रमगंज मार्ग स्थित काराकाट मुख्य बाजार की है, जहां मंगलवार की दोपहर एक टेंपो और बाइक की जोरदार भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नासरीगंज निवासी जितेंद्र सिंह के 26 वर्षीय पुत्र सुजीत कुमार एवं रामजी शाह के 22 वर्षीय पुत्र विवेक कुमार के रूप में हुई है। वहीं इस सड़क हादसे में टेंपो सवार पांच अन्य लोग भी गंभीर रूप से घायल हैं, जिनका फिलहाल इलाज चल रहा है। घायलों में 57 वर्षीय कांति देवी, संगीता देवी, रीता देवी, सुचिता देवी एवं एक टेंपो चालक शामिल है।
कार की चपेट में आने से एक मौत
दूसरी घटना दिनारा थाना क्षेत्र के खनीता गांव के समीप की है। बताया जाता है कि आरा मोहनिया राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक कार की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की घटनास्थल पर हीं मौत हो गई। मृतक की पहचान पंजरी गांव निवासी अलख लाल के 40 वर्षीय पुत्र विमलेश लाल के रूप में हुई है।
बाइक से गिरकर मौत
तीसरी घटना रोहतास जिले के तिलौथू थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 19 सी से सामने आई है। इस घटना में सड़क पर फिसलकर एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान तिलौथू थाना क्षेत्र के तुंबा गांव निवासी रामकुमार पासवान के 22 वर्षीय पुत्र अंकित कुमार के रूप में हुई है।
घायल इलाजरत, मौके पर पहुंची पुलिस
वहीं तीनों सड़क हादसे में घायल कुल छः लोगों का फिलहाल इलाज चल रहा है, जिनमें से कुछ की स्थिति गंभीर बताई जाती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी संबंधित थाना क्षेत्र की पुलिस द्वारा चारों शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल लाया गया है और मृतक के परिजनों की भारी भीड़ जमा है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


