अविनाश श्रीवास्तव/सासाराम। बिहार के रोहतास जिले में रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को दरिहट थाना क्षेत्र के भड़कुड़िया गांव के समीप एक अनियंत्रित थार जीप ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक थार के नीचे फंस गया और करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया। इस हृदयविदारक हादसे में दो युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है।
बाइक सवारों को दूर तक घसीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भड़कुड़िया गांव निवासी विकास कुमार, रुस्तम अंसारी और नागा पासवान एक ही बाइक पर सवार होकर डेहरी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दो युवक सड़क के किनारे जा गिरे, लेकिन बाइक चला रहा युवक वाहन के अगले हिस्से में फंस गया। निर्दयी चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और युवक को सड़क पर दूर तक घसीटता रहा। स्थानीय लोगों ने जब शोर मचाया और पीछा किया, तो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
दो घरों के चिराग बुझे
इस भीषण दुर्घटना में एक युवक की मौत मौके पर ही हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान विकास कुमार (पिता: स्व. सत्यनारायण कुशवाहा) और रुस्तम अंसारी (पिता: मिराज अंसारी) के रूप में हुई है। घायल नागा पासवान का इलाज फिलहाल अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। एक ही गांव के दो होनहार युवकों की मौत से भड़कुड़िया गांव में सन्नाटा पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस की कार्रवाई और जांच
घटना की सूचना मिलते ही दरिहट थानाध्यक्ष रविरंजन प्रियदर्शी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है और फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

