अविनाश श्रीवास्तव/ रोहतास। जिले में भीषण गर्मी के साथ ही अब सांपों का आतंक बढ़ने लगा है। जिले के विभिन्न क्षेत्रों से सर्पदंश की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा घटनाक्रम में एक मासूम बच्चे सहित कुल पांच लोग सांप काटने का शिकार हुए हैं जिन्हें इलाज के लिए सासाराम स्थित सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से एक की स्थिति फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है, जबकि अन्य खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं।
सांप के साथ अस्पताल पहुंचे मरीज
हैरानी की बात यह है कि पहचान सुनिश्चित करने के चक्कर में लोग सांपों को साथ लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। काराकाट के तिरासी बिगहा निवासी बुजुर्ग दूधनाथ सिंह को जब सांप ने काटा तो उन्होंने सांप को मार दिया और उसे हाथ में लेकर ही डॉक्टर के पास पहुंच गए। वहीं, नोखा के हथिनी निवासी गौतम कुमार ने साहस दिखाते हुए डसने वाले सांप को पकड़कर एक डिब्बे में बंद कर लिया और उसे साथ लेकर अस्पताल आए।
जिले के अलग-अलग इलाकों में घटनाएं
सर्पदंश की अन्य घटनाओं में अकोढ़ीगोला थाना क्षेत्र के बुधुआ गांव की राधिका देवी शामिल हैं जिन्हें मवेशियों को चारा देने के दौरान सांप ने पैर में डस लिया। उधर काराकाट के दहियारी में राकेश रंजन नामक युवक भी शिकार हुआ हालांकि उसकी स्थिति सामान्य है। सबसे दुखद घटना चुटिया थाना के मधुकुपिया की है, जहां दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले 7 वर्षीय छात्र अंकुश पटेल को सांप ने काट लिया।
अस्पताल में बढ़ी मरीजों की तादाद
सदर अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, बढ़ती गर्मी के कारण सांप बिलों से बाहर निकल रहे हैं। प्रतिदिन औसतन आधा दर्जन से अधिक लोग सर्पदंश की शिकायत लेकर आ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और झाड़-फूंक के चक्कर में पड़ने के बजाय तत्काल अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

