RR vs MI IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 13वें मुकाबले में आज राजस्थान रॉयल्स (RR) और मुंबई इंडियंस (MI) की टीमें आमने-सामने होंगी। RR और MI दोनों ही टीमें इस सीजन में अब तक 2-2 मैच खेल चुकी हैं। इस दौरान पहले सीजन की चैंपियन RR ने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज की है, जबकि MI को एक मुकाबले में जीत मिली और 1 मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में आज जहां RR इस मुकाबले को जीतकर अपना अजेय अभियान जारी रखना चाहेगी, वहीं मुंबई की नजर सीजन की दूसरी जीत पर होगी।

बता दें कि राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला राजस्थान के दूसरे होम ग्राउंड यानी गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम में खेला जाएगा। आज शाम 7:30 बजे से मैच शुरू होगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले यानी 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, संभावित प्लेइंग 11, बरसापारा स्टेडियम की पिच रिपोर्ट और लाइव स्ट्रीमिंग की डिटेल्स समेत मैच से जुड़ी सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
हार्दिक की वापसी की बढ़ी उम्मीद
दिल्ली कैपिटल्स (DC) के खिलाफ मुकाबले में MI के कप्तान हार्दिक पांड्या की गैरमौजूदगी के चलते टीम संयोजन में बदलाव करना पड़ा था। उनकी जगह शामिल किए गए दीपक चाहर ने अच्छी गेंदबाजी की, लेकिन अनुभवी तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट की जगह कॉर्बिन बॉश को खिलाने का फैसला टीम पर भारी पड़ा और उन्होंने काफी रन लुटाए। राहत की बात यह है कि हार्दिक ने अभ्यास शुरू कर दिया है, जिससे उनकी वापसी की संभावना मजबूत हो गई है।

वहीं, पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले शार्दुल ठाकुर पिछले मुकाबले में महंगे साबित हुए। जसप्रीत बुमराह ने किफायती गेंदबाजी जरूर की है, लेकिन इस सीजन में अभी तक विकेट हासिल नहीं कर पाए हैं। स्पिन विभाग में मिशेल सैंटनर ने अल्लाह गजनफर की जगह मिले मौके को भुनाया है और उनके टीम में बने रहने की पूरी संभावना है।
बल्लेबाजी में बदलाव की संभावना कम
MI को हालांकि RR के मजबूत टॉप ऑर्डर के खिलाफ बेहतर प्रदर्शन करना होगा। राजस्थान के बल्लेबाजों ने अब तक लगातार अच्छा खेल दिखाया है। ऐसे में मुंबई के बल्लेबाजी क्रम में बदलाव की संभावना कम नजर आ रही है। राजस्थान की टीम आक्रामक अंदाज में खेल रही है, जिससे मुंबई को सतर्क रहने की जरूरत होगी।
यशस्वी-सूर्यवंशी की शानदार शुरुआत
RR इस सीजन में काफी संतुलित और मजबूत नजर आ रही है। यशस्वी जायसवाल और वैभव सूर्यवंशी की ओपनिंग जोड़ी टीम को लगातार अच्छी शुरुआत दिला रही है। वहीं ध्रुव जुरेल भी आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं।

कप्तान रियान पराग का बल्ला भले ही अभी शांत रहा हो, लेकिन उनकी कप्तानी टीम के आत्मविश्वास को बनाए हुए है। गेंदबाजी में तुषार देशपांडे और रवि बिश्नोई का प्रदर्शन शानदार रहा है। बिश्नोई ने दो मैचों में पांच विकेट झटके हैं, जबकि देशपांडे ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में 10 रन बचाकर अपनी डेथ ओवर गेंदबाजी का शानदार नमूना पेश किया।
RR बनाम MI हेड-टू-हेड में किसका पलड़ा है भारी?

आईपीएल के इतिहास में RR और MI के बीच हेड-टू-हेड आंकड़ों पर नजर डालें तो मुकाबला लगभग बराबरी का रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच IPL में 30 बार भिड़ंत हुई है। इसमें 16 मैच MI ने और 14 मैच RR ने जीते हैं। पिछले सीजन दोनों के बीच एक मुकाबला हुआ था, जिसमें MI ने 100 रन से जीत दर्ज की थी।
बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम की पिच आम तौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। यहां गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आती है, जिससे बल्लेबाज आसानी से शॉट खेल पाते हैं और बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं। हालांकि मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को थोड़ी मदद मिल सकती है, खासकर नई गेंद से स्विंग देखने को मिलता है। इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीमें अक्सर चेज करना पसंद करती हैं, क्योंकि रात के समय ओस का असर बढ़ जाता है और बल्लेबाजी अपेक्षाकृत आसान हो जाती है।
बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में IPL के आंकड़े
अब तक इस मैदान पर IPL के कुल 7 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से 3 मैच पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीते हैं, जबकि 2 मुकाबले लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम के नाम रहे। एक मैच का कोई नतीजा नहीं निकल सका। यहां का सर्वोच्च टीम स्कोर 199/4 है, जो राजस्थान रॉयल्स ने 2023 में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बनाया था।
राजस्थान रॉयल्स (RR) और मुंबई इंडियंस (MI) की संभावित प्लेइंग 11

राजस्थान रॉयल्स (RR)
रोहित शर्मा, रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, शेरफेन रदरफोर्ड, मिशेल सैंटनर, हार्दिक पांड्या, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, जसप्रीत बुमराह, ट्रेंट बोल्ट
मुंबई इंडियंस (MI)
यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रियान पराग (कप्तान), शिमरोन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रविंद्र जडेजा, जोफ्रा आर्चर, नांद्रे बर्गर, तुषार देशपांडे, संदीप शर्मा, रवि बिश्नोई
कहां देख सकेंगे लाइव मैच ?
आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं, जहां दर्शक टीवी पर इस मैच का सीधा प्रसारण शाम 7:30 बजे से देख सकते हैं। वहीं, लाइव स्ट्रीमिंग के लिए मुकाबला जियोहोस्टर ऐप पर उपलब्ध रहेगा। इसके अलावा, आप लल्लूराम डॉट कॉम पर भी मैच के लाइव अपडेट्स देख सकते हैं।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

