प्रतीक शर्मा, लोरमी। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले महान भारतीय बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन की टीम बीते मंगलवार दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंची। इस दौरान उन्होंने जन स्वास्थ्य सहयोग (गनियारी) संस्था का दौरा किया। टीम पहले दिन मुंगेली स्थित अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) के सुदूर वनांचल ग्राम बम्हनी पहुंची। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात की और क्षेत्र में संचालित शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं आज दौरे के दूसरे दिन टीम ने बिलासपुर पहुंची थी।

बता दें कि मुंगेली जिले के घने जंगलों में बसे इस आदिवासी ग्राम में तेंदुलकर परिवार के पहुंचते ही उत्सुकता और खुशी का माहौल बन गया। स्थानीय महिलाओं ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ पुष्प गुच्छ भेंट कर अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।

सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन द्वारा वित्तीय पोषित फुलवारियों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने बच्चों के पोषण आहार, स्वच्छता, खेल-आधारित शिक्षा और माताओं की भागीदारी को करीब से समझा। क्षेत्र में जन स्वास्थ्य सहयोग समिति (गनियारी) द्वारा निःशुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं भी संचालित की जा रही हैं। तेंदुलकर परिवार इसी समिति के कार्यों का अवलोकन करने और जमीनी हकीकत जानने के लिए चिकित्सकों की टीम के साथ यहां पहुंचा था।

डॉ. अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने बालवाड़ी पहुंचकर आदिवासी बच्चों से मुलाकात भी की और उनके रहन-सहन, खान-पान एवं वन क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को लेकर स्थानीय समिति के सदस्यों से विस्तार से चर्चा की।

आदिवासी बच्चों से भी की मुलाकात, आज शाम मुंबई के लिए होगे रवाना
अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने आज दौरे के दूसरे दिन बिलासपुर में गनियारी जन स्वास्थ्य केंद्र का भी दौरा किया। इस दौरान डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों के साथ बातचीत कर उन्होंने जमीनी स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं की वास्तविक स्थिति को समझा। उन्होंने यहां भी फुलवारी केंद्र और बालवाड़ी पहुंचकर आदिवासी बच्चों से मुलाकात की। साथ ही बच्चों के रहन-सहन, खान-पान और वन क्षेत्र में शिक्षा के स्तर को लेकर स्थानीय समिति के सदस्यों से विस्तृत चर्चा भी की।

बताया जा रहा है कि तेंदुलकर परिवार का यह पूरा दौरा गोपनीय रखा गया था। हालांकि, गांव में उनके पहुंचने के बाद यह खबर तेजी से फैल गई और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। सूत्रों के अनुसार, तेंदुलकर परिवार आज शाम बिलासपुर से मुंबई के लिए रवाना होगा।
तेंदुलकर परिवार की इस यात्रा ने न केवल ग्रामीणों में उत्साह बढ़ाया, बल्कि क्षेत्र में चल रही शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की ओर भी ध्यान आकर्षित किया है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

