विकास कुमार/सहरसा। मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना में, सहरसा जिले के सदर थाना अंतर्गत धमसैनी (वार्ड 46) स्थित एक ईंट भट्ठे पर असम की महिला मजदूर को गोली मार दी गई। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भट्ठा संचालक ओवैस करनी उर्फ चुन्ना मियां को गिरफ्तार कर लिया है। घायल महिला, 35 वर्षीय मलिका बीबी को गंभीर हालत में निजी क्लीनिक में भर्ती कराया गया है।
विरोध पर एयर गन से फायरिंग और टॉर्चर
घटना की जड़ में संचालक की अमानवीयता है। मजदूरों का आरोप है कि उन्हें बेहतर मजदूरी का झांसा देकर असम से लाया गया था, लेकिन यहां उन्हें बंधुआ बना लिया गया। जब मलिका बीबी ने इन अत्याचारों के खिलाफ आवाज उठाई, तो संचालक ने उन पर एयर गन से फायरिंग कर दी। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में एयर गन से गोली लगने की पुष्टि की है।
बिजली के झटके और महिलाओं से हैवानियत
मजदूरों ने पुलिस को दी अपनी आपबीती में रूह कंपा देने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि काम करने से मना करने या विरोध करने पर उन्हें बिजली के झटके दिए जाते थे। इतना ही नहीं, रात के समय महिला मजदूरों को जबरन उनके कमरों से ले जाकर उनके साथ दुर्व्यवहार और दरिंदगी की जाती थी।
7 नाबालिग लड़कियां मुक्त, प्रशासन सख्त
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस ने मौके पर धावा बोला और भट्ठे से 7 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित थाने पहुंचाया। लाइन डीएसपी ओमप्रकाश ने बताया कि मामले की गहराई से जांच के लिए माइनिंग विभाग और FSL टीम को बुलाया गया है। जिस संदिग्ध कमरे में प्रताड़ना दी जाती थी, उसे सील किया जा रहा है ताकि वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा सकें।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

