विकास कुमार/सहरसा। बिहार के सहरसा जिले से अपराध की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां बेखौफ चोरों ने पुलिसिया गश्त को चुनौती देते हुए एक ही रात में करीब एक दर्जन घरों को अपना निशाना बनाया। मामला पस्तपार थाना क्षेत्र के पामा पंचायत स्थित कबैया वार्ड संख्या 14 का है, जहां शुक्रवार की रात अज्ञात चोरों ने जमकर उत्पात मचाया और लाखों की संपत्ति बटोर ले गए।

​लाखों की नकदी और जेवरात पर साफ किया हाथ

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, चोरों ने संगठित तरीके से पूरी बस्ती में धावा बोला। गृहस्वामी लालो शर्मा ने बताया कि चोर उनके घर से 1.5 लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात ले उड़े। चोरी के बाद साक्ष्य मिटाने की नीयत से चोरों ने खाली बक्से और पेटियां पास के मकई के खेत में फेंक दीं। लालो शर्मा के अलावा जानकी देवी, अल्का देवी, अनीता देवी, सोमनी देवी, राबड़ी देवी, संटू शर्मा और सुधीर शर्मा सहित कई अन्य ग्रामीणों के घरों के ताले टूटे मिले।

​जांच में जुटी पुलिस

​घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक छानबीन की। पामा पंचायत के मुखिया विनोद कुमार पप्पू ने बताया कि इस बड़ी वारदात में कुल मिलाकर 5 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति की चोरी हुई है। फिलहाल, पस्तपार थाना पुलिस ने पीड़ितों से आवेदन प्राप्त कर लिया है और मामले की सघन जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में चोरों की पहचान के लिए छापेमारी कर रही है, लेकिन एक साथ इतने घरों में चोरी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।