विकास कुमार/सहरसा। जिले के सौर बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत जीरोमाइल चौक पर गुरुवार की सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ। यहां अपनी मंजिल और सुनहरे भविष्य की तलाश में परीक्षा देने जा रहे 15 वर्षीय छात्र मोहम्मद अरमान की तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। अरमान हनुमाननगर का निवासी था।
साइकिल को 100 मीटर तक घसीटा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अरमान अपनी साइकिल से विद्यालय जा रहा था। तभी पीछे से काल बनकर आए एक अनियंत्रित हाइवा ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे करीब 100 मीटर तक घसीटा, जिससे छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार होने में सफल रहा।
सड़क पर परिजनों का चीत्कार और आक्रोश
जैसे ही हादसे की खबर अरमान के घर पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन और स्थानीय ग्रामीणों ने शव के साथ सौर बाजार मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। आक्रोशित लोगों का कहना था कि जीरोमाइल चौक अब डेथ जोन बनता जा रहा है, जहां आए दिन हादसे होते हैं, लेकिन प्रशासन सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं करता। करीब दो घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
प्रशासनिक पहल और कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम श्रेयांश तिवारी, एसडीपीओ आलोक कुमार और ट्रैफिक डीएसपी ओमप्रकाश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शांत कराया और सरकारी प्रावधानों के तहत उचित मुआवजे का आश्वासन दिया। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है।
इस घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में क्षेत्र में मातमी सन्नाटा और प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष व्याप्त है।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें

