समस्तीपुर। जिले के कर्पूरी ग्राम थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव में बच्चा चोरी की अफवाह को लेकर भारी हंगामा हुआ। ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग महिला को संदिग्ध स्थिति में पकड़कर सड़क पर घंटों घेरे रखा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने महिला को भीड़ से निकालकर सुरक्षित थाने पहुंचाया।
स्कूल के पास संदिग्ध हरकत का आरोप
प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, एक सरकारी विद्यालय के पास दो महिलाएं और एक पुरुष काफी देर से पेड़ के नीचे बैठे थे। आरोप है कि जैसे ही स्कूल की छुट्टी हुई, ये लोग बच्चों को इशारे कर अपने पास बुलाने लगे। जब बच्चों ने डरकर शोर मचाया, तो एक महिला और एक पुरुष मौके से फरार हो गए, जबकि ग्रामीणों ने एक बुजुर्ग महिला को पकड़ लिया।
मूक-बधिर निकली महिला, इलाके में दहशत
पकड़ी गई महिला मूक-बधिर है और कुछ भी बोल पाने में असमर्थ है। स्थानीय निवासी ऋतुराज ने बताया कि उनके भाई को भी संदिग्धों ने बुलाने का प्रयास किया था। घटना के बाद मुखिया प्रतिनिधि मनीष कुमार ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित लोगों को शांत कराया और पुलिस को सूचित किया। फिलहाल गांव में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है।
एसपी की अपील
समस्तीपुर एसपी अरविंद प्रताप सिंह ने मामले पर चिंता जताते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। कानून को हाथ में लेना या मारपीट करना अपराध है और ऐसा करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


