कुंदन कुमार/ पटना। उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बजट को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि यह बजट वर्ष 2047 के विजन को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि बजट में क्षेत्रीय संसाधनों के अनुरूप प्रत्येक परिवार और समुदाय को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने कहा कि बजट का अनुमानित आकार 53 लाख करोड़ रुपये से अधिक है, जो देश के समग्र विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है। इंफ्रास्ट्रक्चर को विशेष प्राथमिकता दी गई है। शहरों के विकास पर जोर देने से बिहार को भी व्यापक लाभ मिलेगा। साथ ही हाइब्रिड कॉरिडोर के निर्माण से राज्य के व्यापार, उद्योग और परिवहन क्षेत्र को नई गति मिलेगी।
सम्राट चौधरी ने कहा कि सरकार मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं और ट्रॉमा सेंटर की स्थापना को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है, जिससे आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने 16वें वित्त आयोग की अनुशंसाओं के तहत बड़ी राशि आवंटित किए जाने की बात भी कही। उनका दावा है कि इस बजट से बिहार को विशेष लाभ मिलेगा, खासकर रेल परियोजनाओं और आधारभूत ढांचे के विकास में राज्य को बड़ी वित्तीय सहायता प्राप्त होगी।