छपरा। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी समृद्धि यात्रा के पांचवें दिन 21 जनवरी को सारण जिले के छपरा में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन से पहले ही बड़ी संख्या में एनडीए समर्थक और कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए। प्रवेश व्यवस्था को लेकर कार्यकर्ताओं और सुरक्षा में तैनात कर्मियों के बीच विवाद शुरू हो गया, जिससे कुछ देर के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।
महिला भाजपा विधायक को लेकर बढ़ा विवाद
कार्यक्रम स्थल के अंदर स्थिति उस समय और बिगड़ गई, जब छपरा से भाजपा की महिला विधायक छोटी कुमारी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि सुरक्षा में तैनात अधिकारियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच विवाद बढ़ गया, जो देखते ही देखते हंगामे में बदल गया। हालांकि मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और वरिष्ठ नेताओं की पहल से स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया।
भाजपा जिला महामंत्री ने लगाए गंभीर आरोप
भाजपा जिला महामंत्री विवेक कुमार सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अधिकारियों पर महिला विधायक और महिला कार्यकर्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कुछ अधिकारी पटना से आए हुए थे, जिन्होंने प्रवेश के दौरान महिला विधायक छोटी कुमारी को कथित तौर पर धक्का दिया और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया। उनका दावा है कि कई अन्य महिला कार्यकर्ताओं के साथ भी गलत व्यवहार किया गया।
मुख्यमंत्री से शिकायत की तैयारी
विवेक कुमार सिंह ने कहा कि समृद्धि यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं और महिलाओं में भारी उत्साह था, लेकिन सुरक्षा अधिकारियों का रवैया कार्यकर्ताओं के सम्मान के विपरीत रहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरे मामले की शिकायत मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से की जाएगी। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि मुख्यमंत्री और प्रशासन इस प्रकरण पर क्या कार्रवाई करते हैं।
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें


