कुंदन कुमार/पटना। बीजेपी के विधान पार्षद संजय मयूख ने तमिलनाडु के मंत्री पनीरसेलवन द्वारा उत्तर भारतीयों और खासकर बिहारियों को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी पर एतराज जताया है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस तरह की बयानबाजी किसी भी हालत में स्वीकार नहीं की जाएगी। मयूख ने कहा कि देश के किसी भी हिस्से में रहने वाले बिहारियों का अपमान पूरे राज्य का अपमान है और इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

सदन में लाया गया निंदा प्रस्ताव

संजय मयूख ने बताया कि इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने विधान परिषद में निंदा प्रस्ताव पेश किया। सदन के सभी सदस्यों ने एकमत होकर इस प्रस्ताव का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सदन में पारित निंदा प्रस्ताव का व्यापक असर होता है और यह स्पष्ट संदेश देता है कि किसी भी समुदाय या प्रदेश विशेष के लोगों के खिलाफ अपमानजनक भाषा बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

देशभर में बिहारियों का अपमान हुआ तो मिलेगा जवाब

एक सवाल के जवाब में मयूख ने दोहराया कि यदि देश के किसी भी कोने में बिहारियों का अपमान किया जाएगा तो उसका लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से जवाब दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग मेहनत, प्रतिभा और अपने योगदान के लिए पहचाने जाते हैं, इसलिए उनके खिलाफ की गई टिप्पणी न केवल अनुचित है बल्कि दुर्भावनापूर्ण भी है। बीजेपी नेता ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और सम्मान की भावना को बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।