Sarguja News Update: अंबिकापुर। साले की शादी से लौटे एक जीजा ने आधी रात पत्नी, गर्भवती साली और भतीजी पर हथौड़े से जानलेवा हमला कर दिया। घटना में पत्नी की मौत हो गई, जबकि गर्भवती साली और भतीजी गंभीर रूप से घायल हैं।
जानकारी के अनुसार प्रतापपुर के ग्राम सरहरी निवासी सुरेश कुमार कुशवाहा के यहां विवाह समारोह में शामिल होने रेवटी प्रतापपुर निवासी गणेश कुशवाहा पहुंचा था। पारिवारिक विवाद के कारण उसकी पत्नी यशोदा अपनी पुत्री नैना के साथ मायके में रह रही थी।
20 फरवरी को बारात लौटने के बाद रात में सभी परिजन अपने-अपने कमरों में सो गए। देर रात करीब दो बजे भतीजी पिंकी ने शोर मचाते हुए बताया कि मौसा गणेश ने मौसी और मां पर हथौड़े से हमला कर दिया है तथा उसके सिर पर भी वार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिजन जब कमरे में पहुंचे तो यशोदा और गंगोत्री खून से लथपथ पड़ी थीं। तीनों घायलों को तत्काल प्रतापपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें मिशन चिकित्सालय रेफर किया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद यशोदा को मृत घोषित कर दिया। वहीं तीन माह की गर्भवती गंगोत्री की हालत गंभीर होने पर उसे रायपुर रेफर किया गया है। भतीजी पिंकी का मिशन चिकित्सालय में इलाज जारी है और उसकी स्थिति भी गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद फरार आरोपी गणेश कुशवाहा को प्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

अवैध ईंट भट्टे के पास पानी भरे गड्ढे में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत
एमसीबी। जिले के चिरमिरी क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में 6 साल के मासूम बच्चे की पानी से भरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। घटना बड़ा बाजार इलाके की बताई जा रही है, जहां राजस्व और एसईसीएल की जमीन पर अवैध रूप से संचालित ईंट भट्टों के पास यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों के अनुसार बड़ा बाजार से सटी जमीन पर लंबे समय से दर्जनों ईंट भट्टे अवैध रूप से चल रहे हैं। आरोप है कि राजस्व विभाग, खनिज विभाग और स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी होने के बावजूद अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
इन भट्टों में सीमावर्ती राज्य के कोतमा क्षेत्र से मजदूर काम करने आते हैं। उनके साथ परिवार और छोटे बच्चे भी यहीं रहते हैं। कुछ बच्चे मजदूरी में हाथ भी बंटाते नजर आते हैं। भट्टों में न तो रहने की समुचित व्यवस्था है और न ही बच्चों के लिए स्कूल या आंगनबाड़ी की सुविधा। सुरक्षा इंतजामों के अभाव में बच्चे खुले गड्ढों और पानी भरे खतरनाक स्थानों के आसपास खेलते रहते हैं। बताया जा रहा है कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पानी भरा गड्ढा था और उसके आसपास कोई सुरक्षा घेरा या चेतावनी बोर्ड नहीं लगाया गया था। खेलते समय बच्चा गड्ढे में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। मृतक बच्चे की मां ने बताया कि वे मजदूरी करने आए थे और उन्हें अंदेशा नहीं था कि ऐसा हादसा हो जाएगा। उनका कहना है कि यदि गड्ढे को ढंका या सुरक्षित किया गया होता तो यह घटना नहीं होती। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में आगे की जांच जारी है।
निलंबित एसडीएम और तीन साथी अंबिकापुर सेंट्रल जेल शिफ्ट
बलरामपुर। कुसमी के निलंबित एसडीएम करुण डहरिया और उनके तीन साथियों को रामानुजगंज जेल से अंबिकापुर सेंट्रल जेल स्थानांतरित कर दिया गया है।
मामला कुसमी ब्लॉक के हंसपुर क्षेत्र में कथित अवैध बॉक्साइट उत्खनन से जुड़ा है। आरोप है कि एसडीएम अपने निजी साथियों, जिनमें एक स्थानीय भाजपा नेता भी शामिल था, के साथ मौके पर पहुंचे थे। वहां अवैध उत्खनन का आरोप लगाते हुए तीन ग्रामीणों की पिटाई की गई, जिसमें 62 वर्षीय एक आदिवासी बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद राजपुर थाने में एसडीएम करुण डहरिया और उनके तीन साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया गया। राज्य सरकार ने उन्हें निलंबित कर दिया है। अब सभी आरोपियों को रामानुजगंज जेल से अंबिकापुर सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया है।
बेटे ने घर से की धान चोरी, पिता ने थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
सूरजपुर। विश्रामपुर थाना क्षेत्र के कुमदा बस्ती निवासी रामविलास ने अपने ही बेटे के खिलाफ धान चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बेटे दिगंबर और उसके साथी मुन्ना पैकरा ने घर से तीन क्विंटल धान चोरी कर लिया।
पिता की शिकायत पर विश्रामपुर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पहले जयनगर थाना क्षेत्र से एक बाइक चोरी की थी और उसी बाइक का इस्तेमाल कर घर से धान चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने किया पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण
सूरजपुर। एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत परेड से हुई, जहां उन्होंने अधिकारियों और जवानों की वेशभूषा तथा अनुशासन का जायजा लिया। राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों से परेड कमांड दिलवाई गई। बेहतर वेशभूषा और उत्कृष्ट परेड कमांड करने वाले जवानों को पुरस्कृत किया गया, जबकि लापरवाही बरतने वालों को दंडित भी किया गया।
एसएसपी ने पुलिस वाहनों का निरीक्षण कर चालकों को निर्देश दिए कि वाहनों में हेलमेट, जाली और केन जैसी आवश्यक सामग्री अनिवार्य रूप से रखें, ताकि आपात स्थिति में उनका उपयोग किया जा सके। परेड के दौरान आकर्षक बैंड प्रस्तुति देने पर संभागीय बैंड पार्टी को भी सम्मानित किया गया।
उन्होंने आर्म्स शाखा का निरीक्षण कर शस्त्र और गोला-बारूद के रख-रखाव व सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के निर्देश दिए। इसके बाद स्टोर, शस्त्रागार सहित अन्य शाखाओं का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ठाकुर ने अधिकारियों और कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेसिक पुलिसिंग के साथ तकनीकी रूप से दक्ष बनकर कार्य करना आवश्यक है। हर परिस्थिति में सजग और सक्षम रहते हुए जनसेवा के प्रति समर्पित भाव से काम करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का दायित्व है, जिसे ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण के साथ निभाना चाहिए। बेहतर कानून-व्यवस्था और आम जनता का विश्वास बनाए रखने के लिए निष्पक्ष व तत्पर पुलिसिंग जरूरी है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


